SGSU Advertisement
Home Student & Youth एसएमओआई भर्ती 2026: यंग प्रोफेशनल्स के पदों के लिए 28 अक्टूबर तक...

एसएमओआई भर्ती 2026: यंग प्रोफेशनल्स के पदों के लिए 28 अक्टूबर तक करें आवेदन

0
8

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक बेहतर मौका है। दरअसल, सिल्क मार्क ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसएमओआई) ने अपने विभिन्न कार्यालयों/चैप्टरों में अनुबंध के आधार पर यंग प्रोफेशनल्स के कुल 8 पदों पर रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक विज्ञापन प्रकाशित करके की।

एसएमओआई की ओर से अपने जिन कार्यालयों/चैप्टरों के लिए यंग प्रोफेशनल्स के 8 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें बेंगलुरु-एसएमओआई केंद्रीय कार्यालय (कर्नाटक) में 2, चेन्नई (तमिलनाडु) में 2, हैदराबाद (आंध्र प्रदेश और तेलंगाना) में 1, मुंबई (महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश) में 1, पलक्कड़ (तमिलनाडु और केरल) में 1 और कोलकाता (पश्चिम बंगाल, झारखंड) में 1 पद शामिल हैं।

यंग प्रोफेशनल्स के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 9 अक्टूबर से जारी है और आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर तक तय की गई है। इस पोस्ट पर नियुक्त होने की इच्छा रखने वाले जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपना एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे एसएमओआई की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से टेक्सटाइल्स में डिप्लोमा/टेक्सटाइल्स/सेरीकल्चर/कृषि में बैचलर की डिग्री या कोई अन्य डिग्री होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 रुपए प्रति माह होगी। वहीं, शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स को केवल ई-मेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा।

अभ्यर्थी ध्यान दें कि यह नियुक्ति पूरी तरह से अस्थायी और अनुबंध के आधार पर है, जो नियुक्ति की तारीख से 31 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगी।