Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर कुणाल घोष का भाजपा...

सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर कुणाल घोष का भाजपा पर निशाना

0
5

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पार्टी नेता कुणाल घोष ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह हमला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था और इस घटना ने पुलिस एवं प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुणाल घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी वही नेता हैं, जिन्होंने हाल ही में देश के हित में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेता पर हमला होना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बदले की राजनीति की जा रही है और इस घटना को पूरी दुनिया ने देखा है। कुणाल घोष ने पूर्व की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि ऐसे हमले नेताओं को कमजोर नहीं, बल्कि और मजबूत बनाते हैं।

कुणाल घोष ने दावा किया कि भाजपा ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ माहौल बनाकर उनकी राजनीतिक पहचान को और मजबूत कर दिया है। अभिषेक बनर्जी पहले से अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेंगे।

इस बीच अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने घटना की निंदा की है। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और उकसावे की राजनीति स्वीकार्य नहीं है। तृणमूल कांग्रेस ने संकेत दिया है कि मामले को लेकर पार्टी स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी का दूसरी पारी आज से शुरू हो रही है और जब टीएमसी नेता किसी दौरे पर जा रहे हैं तो इस तरह का हमला साजिश के तहत ही किया जाता है। लोकतंत्र में यह सब ठीक नहीं है। टीएमसी इस घटना की कड़ी निंदा करती है।

दूसरी ओर, घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमला भाजपा समर्थित गुंडों द्वारा कराया गया। उन्होंने कहा कि वह अपने पार्टी कार्यकर्ता संजू कर्मकार से मिलने गए थे, जो चुनाव बाद हिंसा का शिकार हुआ था।

उन्होंने यह भी दावा किया कि हमले के समय वहां पुलिस मौजूद नहीं थी। टीएमसी सांसद ने कहा कि वह इस मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि को भी पूरी घटना की जानकारी देंगे।