SGSU Advertisement
Home राजनीति सोनिया की किताब पर टिप्पणी नहीं करेंगे, आत्मकथा पर राजनीति उचित नहीं:...

सोनिया की किताब पर टिप्पणी नहीं करेंगे, आत्मकथा पर राजनीति उचित नहीं: फखरुल हसन चांद

0
2

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोनिया गांधी की किताब और दिवाली को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की टिप्पणी पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब से कांग्रेस और गांधी-वाड्रा परिवार की वोट बैंक और भ्रष्टाचार से जुड़ी सोच सामने आ गई है। कांग्रेस ने अपनी राजनीति में इन मुद्दों से कभी दूरी नहीं बनाई। इसी सोच के कारण कांग्रेस को 2014, 2019 और 2024 के चुनावों में हार का सामना करना पड़ा और 2029 के चुनाव में भी पार्टी को हार मिलेगी।

सोनिया गांधी की किताब पर प्रदीप भंडारी ने कहा कि इस किताब से स्पष्ट हो गया है कि इनकी पूरी सोच बाबरी, वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के इर्द-गिर्द है। सोनिया गांधी ने अपनी किताब के जरिए यह दिखा दिया है कि गांधी-वाड्रा परिवार की राजनीति में बाबरी से जुड़ा वोट बैंक एक अहम विचार बना हुआ है। भाजपा प्रवक्ता ने किताब में बोफोर्स भ्रष्टाचार का जिक्र नहीं होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बोफोर्स मामले में गांधी-वाड्रा परिवार से जुड़े कथित संबंधों की चर्चा देश के सामने आई थी और इसी मुद्दे के कारण 1989 में सरकार भी चली गई थी। सोनिया गांधी ने इस विषय पर कुछ नहीं कहा। भ्रष्टाचार के लिए माफी मांगने या वोट बैंक की राजनीति पर जवाब देने के बजाय सोनिया गांधी ने अपनी किताब में उसी सोच को आगे बढ़ाया है।

प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि वोट बैंक की राजनीति और भ्रष्टाचार से जुड़ी इसी सोच के कारण गांधी-वाड्रा परिवार को 2014, 2019 और 2024 के चुनावों में हार मिली। सोनिया गांधी की किताब ने यह स्पष्ट कर दिया है कि परिवार की सोच में बदलाव नहीं आया है। बाबरी से जुड़ी वोट बैंक की राजनीति और बोफोर्स भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के कारण कांग्रेस को 2029 के चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ेगा।

दिवाली पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की टिप्पणी को लेकर भी भंडारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की सोच वोट बैंक की राजनीति से प्रभावित है, वे कभी सनातन धर्म का सम्मान नहीं कर सकते। बयान भले ही किसी दूसरे नेता के हों, लेकिन उनके पीछे विचार गांधी-वाड्रा परिवार की वोट बैंक वाली राजनीति का है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली शुभकामना संदेश में ईद का उल्लेख किए जाने का भी जिक्र किया। भंडारी ने कहा कि इसी सोच के कारण खड़गे ने दिवाली के संदर्भ में ‘खुशियों की ईद’ कहा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने पहले हिंदुओं को हिंसक और आतंकवादी कहने जैसी टिप्पणियां की हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने इमरान मसूद की टिप्पणी को भी इसी राजनीति से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सड़क पर नमाज का समर्थन करती है, जबकि दिवाली की तुलना बीमारी से की जाती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की यह सोच आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ जाएगी। वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस को आगे भी चुनावी नुकसान उठाना पड़ेगा।