SGSU Advertisement
Home राजनीति सूखे से जूझ रहे महाराष्ट्र के लिए आगे आया सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट,...

सूखे से जूझ रहे महाराष्ट्र के लिए आगे आया सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट, सीएम राहत कोष में सौंपी मदद

0
4

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों और अन्य जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवणकर ने मुख्यमंत्री राहत कोष को राशि सौंपने की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के कई जिलों में सूखे के कारण लोग पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। ऐसे मुश्किल समय में जरूरतमंदों की सहायता करना सभी की जिम्मेदारी है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में सदा सरवणकर ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र के बहुत से जिलों में सूखे की स्थिति है। वहां लोगों को पानी की परेशानी हो रही है। खेती के लिए पानी उपलब्ध नहीं है और लोगों को पीने के पानी की भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। सरकार की ओर से जरूरतमंदों को जितनी संभव हो सके, उतनी सहायता पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में गणेश भक्तों की ओर से भी मदद पहुंचाना उनका फर्ज है। इसी भावना के साथ मंदिर ट्रस्ट ने प्रस्ताव रखा और मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपए की राशि जमा कराई, ताकि सूखा प्रभावित किसानों और नागरिकों की मदद की जा सके। सरवणकर ने कहा कि जब भी कोई कठिन समय आता है, तब सभी लोगों को एकजुट होकर जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना चाहिए। ऐसे संकट के दौरान केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपने स्तर पर सहायता के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इसमें सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने मंदिरों, मस्जिदों और चर्चों सहित सभी धार्मिक स्थलों से जरूरत के समय सहायता पहुंचाने की अपील की। सरवणकर ने कहा कि यदि हर जगह से जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जाए और सभी लोग मिलकर सहयोग करें, तो महाराष्ट्र इस संकट से बेहतर तरीके से बाहर निकल सकता है। उन्होंने मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देने और सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।