Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध सोनीपत में एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद 5 अपहरणकर्ताओं को किया गिरफ्तार,...

सोनीपत में एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद 5 अपहरणकर्ताओं को किया गिरफ्तार, गोली लगने से 2 घायल

0
23

सोनीपत, 21 मार्च (आईएएनएस)। सोनीपत के बहादुरगढ़ में एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से 2 बदमाश घायल हो गए। वहीं, 3 अन्य आरोपियों को मौके से दबोच लिया। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।

एसटीएफ के मुताबिक, बहादुरगढ़ स्थित बीडीएम कॉलेज के मालिक के बेटे हुनरजीत का अपहरण कर बदमाशों ने पांच करोड़ की फिरौती वसूली थी। फिरौती वसूलने वाले सोनीपत के मेहंदीपुर गांव के पास बदमाशों की सूचना मिलने पर एसटीएफ की टीम ने जाल बिछाया था। इसी बीच रात दो बजे के करीब बोलेरो में सवार पांच संदिग्धों को पुलिस ने रोका। इस पर आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने बचाव में फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से चित्रंदन उर्फ ​​मनजीत और विन्नी घायल हो गए, वहीं, तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घायल बदमाशों को सोनीपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस ने बदमाशों के पास से दो पिस्तौल, चार खाली कारतूस और बोलेरो गाड़ी बरामद की है। मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

परिजनों के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं के निर्देश पर फिरौती की रकम 5 करोड़ रुपये बीडीएम कॉलेज के मालिक की ओर से रोहतक आईएमटी क्षेत्र में एक नहर के पुल के पास दी गई थी। रकम हाथ लगने के बाद ही बदमाशों ने हुनरजीत को रोहतक के पास एक सुनसान जगह पर छोड़ दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों ने करीब 20 दिन पूर्व ही हुनरजीत के अपहरण की योजना बनाई थी। पीड़ित परिवार के वेटरनरी कॉलेज में नौकरी करने वाले मनीष ने होली के दिन 4 मार्च को गांव की दुकान के पास से बच्चे हुनरजीत की लोकेशन दी। इसके बाद अज्ञात स्कार्पियो सवार युवकों के माध्यम से बच्चे का किडनैप कर लिया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।