नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह के बाद बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन भी श्रीलंका सीरीज से बाहर हो सकते हैं। श्रीलंका ए के खिलाफ खेलते हुए अपना पैर का अंगूठा चोटिल कर बैठे सुदर्शन बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक सुदर्शन श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। डॉक्टरों ने बायोलॉजिकल हीलिंग के लिए और समय लेने की सलाह दी है। सुदर्शन की मेडिकल रिपोर्ट में लिखा है कि रिहैबिलिटेशन, स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग, और क्रिकेट से जुड़े खास लोड को धीरे-धीरे और कड़ी निगरानी में बढ़ाया जाना चाहिए। सावधानी बरतने का मकसद बीमारी के दोबारा होने या आगे की दिक्कतों के खतरे को कम करना और लंबे समय तक परफॉर्मेंस को बचाना है।
सुदर्शन की जगह किसे भारतीय टीम में मौका दिया जाए, ये चयनकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती है। सुदर्शन के विकल्प के रूप में मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान का नाम चर्चा में है। 28 साल के सरफराज ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 371 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 150 है।
भारतीय टीम चोटों की समस्या जूझ रही है। जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाने के कारण श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हैं। उनकी जगह औकिब नबी को चुना गया है। हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी बाहर हैं, दोनों को हैमस्ट्रिंग और क्वाड्रिसेप्स की चोटें हैं, जिससे भारत की सिलेक्शन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इसके अलावा, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती भी अलग-अलग इंजरी की शिकार हैं और बीसीसीआई सीओई में रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

