Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध सुकमा : नक्सलियों से जुड़े हथियारों का जखीरा बरामद, भारी मात्रा में...

सुकमा : नक्सलियों से जुड़े हथियारों का जखीरा बरामद, भारी मात्रा में विस्फोटक भी जब्त

0
5

सुकमा, 24 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना भेज्जी क्षेत्र के भंडारपुर और मुनुरकोंडा पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के एक बड़े डंप का पता लगाकर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। इस अभियान में जिला बल, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम शामिल रही।

सुरक्षा बलों ने नक्सली डंप से कुल 23 विभिन्न प्रकार के हथियार बरामद किए हैं। इनमें एक एसएलआर, एक .315 बोर राइफल, एक .410 मस्केट राइफल, छह बीजीएल लॉन्चर, पांच 12 बोर राइफल, सात बंदूकें तथा अन्य हथियार शामिल हैं।

इसके अलावा एके-47, एसएलआर, इंसास, .303, .315 और 12 बोर हथियारों के कुल 492 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। अभियान के दौरान भारी मात्रा में बीजीएल सेल, कारतूस और मैगजीन भी मिली हैं।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलोग्राम गन पाउडर, पांच देशी हैंड ग्रेनेड और बड़ी संख्या में बीजीएल सेल बरामद किए। इसके अलावा एक्सीलेटर प्लग, टाइगर बम और अन्य विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई। डंप से हथियारों और विस्फोटकों के अलावा नक्सलियों के उपयोग की कई सामग्रियां भी बरामद हुई हैं। इनमें मैगजीन पाउच, बीजीएल पाउच, काले रंग की वर्दी, बेल्ट, मंकी कैप, सोलर प्लेट, पिट्ठू बैग, दवाइयां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्रियां शामिल हैं।

सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना पर 24 अगस्त को संयुक्त अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान भंडारपुर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में डंप का पता चला। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी अभियान चलाया।

सुकमा पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बनाए रखने के लिए एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।