ठाणे, 30 मई (आईएएनएस)। टी20 मुंबई लीग 2026 की शुरुआत 1 जून होने जा रही है, जिसके लिए ‘ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स’ ने शार्दुल ठाकुर को अपना कप्तान नियुक्त किया है। नव नियुक्त हेड कोच धवल कुलकर्णी के मार्गदर्शन में टीम आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश करेगी और पिछले सीजन में फाइनल में जगह बनाने से चूकने के बाद अब अगला कदम बढ़ाएगी।
टी20 मुंबई लीग 2026 का आयोजन 1 से 13 जून के बीच होगा। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
मुंबई क्रिकेट के सबसे कामयाब खिलाड़ियों में से एक, शार्दुल ठाकुर ने भारत के लिए सभी फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है। शार्दुल भारत के लिए 13 टेस्ट, 47 वनडे और 25 टी20 मैच में मैदान पर उतरे हैं। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स में बतौर कप्तान शार्दुल अपना ढेर सारा अनुभव लेकर आए हैं।
कप्तान बनाए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए शार्दुल ने कहा, “टी20 मुंबई लीग में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है। हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक ग्रुप है और कोचिंग स्टाफ के पास जबरदस्त अनुभव है। हमारा ध्यान अच्छी तैयारी करने, सकारात्मक क्रिकेट खेलने और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर होगा। हम जीत का माहौल बनाना चाहते हैं और अपने फैंस को गर्व महसूस कराना चाहते हैं।”
इस नियुक्ति के बारे में बात करते हुए, ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के मालिक विक्की रूपचंदानी ने कहा, “शार्दुल एक मैच-विनर और एक सम्मानित लीडर हैं, जो मुंबई क्रिकेट को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। उच्चतम स्तर पर उनका अनुभव टीम के लिए अमूल्य होगा। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में और हेड कोच के तौर पर धवल कुलकर्णी के मार्गदर्शन में, यह सीजन टीम के लिए यादगार साबित हो सकता है।”
ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की टीम: आदित्य विनोद गिरी, अमर्त्य राजे, अनुज विनोद गिरी, अथर्व अंकोलेकर, अयान मोहित जैन, एकनाथ दिनेश केरकर, कार्तिक मिथिलेश मिश्रा, मनन भट, ओंकार तुकाराम तरमाले, रोहन राजेंद्र घाग, साईराज पाटिल, शार्दुल ठाकुर (कप्तान), शशिकांत एकनाथ कदम, शाश्वत योगेश जगताप, शॉन मोतीराम रोड्रिग्स, शिवांश लल्लन सिंह, सिद्धांत मनोज सिंह, सुमीर सम्राट जावेरी। विनय सुरेश कुंवर और धनय पारेख।

