Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध तेलंगाना : आदिलाबाद में महिला की हत्या कर शव नाले में फेंकने...

तेलंगाना : आदिलाबाद में महिला की हत्या कर शव नाले में फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
28

आदिलाबाद, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में नाले में मिली महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। वन टाउन पुलिस ने 48 घंटे में ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जिला एसपी अखिल महाजन ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 24 अप्रैल की आधी रात को पंजाब चौक स्थित हलदीराम शॉप के पास नाले में एक शव मिला था। जंगमवार संतोष ने आदिलाबाद वन टाउन पुलिस स्टेशन में अपनी बहन जंगमवार अनीता की मृत्यु के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शव पर चोट के निशान होने के कारण संदिग्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसके बाद डीएसपी, सीसीएस इंस्पेक्टर और वन टाउन एसएचओ की देखरेख में विशेष टीमें गठित की गईं और घटनास्थल के आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान महाराष्ट्र निवासी नरसिंगा संतोबा गम्पलवाद (25) के रूप में हुई।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने घटना वाले दिन पंजाब चौक के पास शराब पी थी और रात में घटनास्थल पर आराम कर रहा था, तभी उसने सड़क किनारे कूड़ा बीन रही एक महिला को सोते हुए देखा। वह उसे एक सुनसान नाले में ले गया और रेप करने का प्रयास किया। पीड़िता के विरोध करने पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को पास के नाले में फेंक दिया। मामला दर्ज होने के 48 घंटों के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया गया।

एसपी ने बताया कि सोमवार को वन टाउन पुलिस ने आदिलाबाद रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया और रिमांड पर भेज दिया गया।

एसपी ने कहा कि पुलिस अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई करेगी और सख्त कदम उठाएगी तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के महत्व के बारे में बताया और सभी से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। एसपी ने हत्या के मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को बधाई दी और उन्हें प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए।