चेन्नई, 1 मई (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) के हेड कोच महेला जयवर्धने ने बताया है कि ओपनर रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं। फ्रेंचाइजी की मेडिकल टीम शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मुकाबले में रोहित को टीम में शामिल करने पर फैसला करेगी।
रोहित शर्मा इस सीजन अब तक सिर्फ 4 ही मैच खेल सके हैं। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पिछले चार मैच न खेल पाने के बाद पूर्व कप्तान शुक्रवार को चेन्नई में नेट्स पर बल्लेबाजी करते नजर आए।
जयवर्धने ने सीएसके के खिलाफ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “उनकी (रोहित) स्थिति में काफी सुधार हुआ है। वह मैदान पर वापसी करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमारे लिए, और मेडिकल टीम के लिए भी, यह एक डेली रूटीन है। हम देखते हैं कि उन्हें कैसा महसूस हो रहा है और अगले दिन उनकी शारीरिक स्थिति कैसी रहती है। उसी के आधार पर हम कोई फैसला लेंगे। आज भी हम उन्हें अभ्यास करते हुए देखेंगे। तो चलिए देखते हैं कि कल उन्हें कैसा महसूस होता है और मेडिकल टीम हमें क्या सलाह देती है।”
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर अब तक कुछ खास नहीं रहा है। इस टीम ने 8 मुकाबलों में सिर्फ दो जीत के साथ, पांच बार की चैंपियन टीम प्वाइंट्स टेबल पर 9वें स्थान पर है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए, एमआई के लिए अब यहां से हर मैच जीतना बेहद जरूरी है।
जयवर्धने ने कहा, “यह हमारे लिए प्रयोग करने का समय नहीं है। हमें चोटों, खिलाड़ियों की उपलब्धता और ऐसी ही दूसरी चीजों को लेकर कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। मुझे लगता है कि इस सीजन में हम अब तक 20 खिलाड़ियों को मैदान पर उतार चुके हैं। ऐसा हमने पिछले कई वर्षों में नहीं किया था। आमतौर पर हमारी अधिकतम संख्या 16 रही है। यहां तक कि ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम लागू होने के बाद भी हमारी अधिकतम सीमा 16 या 17 खिलाड़ियों तक ही रही है। इसलिए, इन परिस्थितियों को देखते हुए, हमें अपनी ‘बेंच स्ट्रेंथ’ का ज्यादा इस्तेमाल करना पड़ा है।”
उन्होंने कहा, “ये सभी खिलाड़ी काफी काबिल हैं, खासकर हमारे विदेशी खिलाड़ी, जो टीम के लिए बेहतरीन विकल्प साबित हुए हैं। इसलिए, हमने परिस्थितियों के हिसाब से टीम के कॉम्बिनेशन में भी लगातार बदलाव किए हैं।”

