SGSU Advertisement
Home खेल दूसरा अनौपचारिक टेस्ट: ‘ऑस्ट्रेलिया-ए’ से मिला 365 रन का टारगेट, तीसरे दिन...

दूसरा अनौपचारिक टेस्ट: ‘ऑस्ट्रेलिया-ए’ से मिला 365 रन का टारगेट, तीसरे दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम ने गंवाया पहला विकेट

0
7

पुडुचेरी, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत-ए टीम ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में दबाव की स्थिति में है। क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर जारी मैच में जीत के लिए 365 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 1 विकेट गंवाकर 28 रन बनाए हैं। यहां से उसे अंतिम दिन जीत के लिए 337 रन की दरकार है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए। टीम ने 16 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जेसन संघा (46) ने नाथन मैकस्वीनी (34) के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन जुटाकर टीम को संभाला।

मेजबान टीम को 104 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा, जिसके बाद सैम हार्पर (128) ने लियाम स्कॉट (34) के साथ 84 रन, जबकि टॉड मर्फी (33) के साथ 89 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचा दिया। इसके बाद सैम हार्पर ने झाय रिचर्डसन (31) के साथ आठवें विकेट के लिए 53 रन जोड़े। भारतीय खेमे से अंशुल कंबोज, नचिकेत भूटे और शम्स मुलानी ने 3-3 विकेट झटके।

इसके जवाब में भारतीय टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 167 रन पर सिमट गई। इस पारी में शेख रशीद ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि तनुष कोटियान ने 33 रन और कप्तान देवदत्त पड्डिकल ने 31 रन टीम के खाते में जोड़े। मेहमान खेमे से झाय रिचर्डसन और कोरी रोचिचिओली ने 3-3 विकेट चटकाए।

ऑस्ट्रेलिया-ए के पास पहली पारी के आधार पर 191 रन की बढ़त थी। इसके बाद मेहमान टीम ने दूसरी पारी 173/4 के स्कोर पर घोषित की। सैम कोंटास ने जोश फिलिप के साथ पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। फिलिप 26 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कोंटास ने नाथन मैकस्वीनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जुटाए।

कोंटास ने 1 चौके के साथ 40 रन की पारी खेली। इनके अलावा, मैकस्वीनी ने 36 रन, जबकि जेसन संघा ने नाबाद 44 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। भारतीय खेमे से तनुष कोटियान ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को 23 के स्कोर पर साईं सुदर्शन (12) के रूप में बड़ा झटका लगा, जिन्हें टॉड मर्फी ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद तुषार क्रीज पर उतरे। फिलहाल आयुष पांडे 11 रन और तुषार 4 रन बनाकर नाबाद हैं।