पटुमवान (थाईलैंड), 17 मई (आईएएनएस)। भारत की टॉप मेंस डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को थाईलैंड ओपन के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्थिन से 21-12, 25-23 से हराया।
सात्विक और चिराग की जोड़ी को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। शुरुआती गेम में सात्विक और चिराग लय हासिल करने के लिए जूझते दिखाई दिए और इंडोनेशियाई जोड़ी ने पहले गेम को 21-12 से अपने नाम कर लिया। भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की और गेम को आखिर तक खींचा, जहां लगातार पांच चैंपियनशिप पॉइंट बचाने के बाद, वे आखिरकार 23-25 से हार गए।
पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन के बाहर होने के बाद सात्विक और चिराग की जोड़ी से फाइनल में काफी उम्मीदें लगाई जा रही थीं। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी का प्रदर्शन कमाल का रहा था और वह एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक पहुंचे थे। हालांकि, वह खिताबी मुकाबले में अपनी लय को बरकरार रखने में नाकाम रहे। भारतीय जोड़ी का साल 2026 के पहले फाइनल को जीतने का सपना साकार नहीं हो सका।
इससे पहले, सात्विक-चिराग ने शनिवार को एक रोमांचक सेमीफाइनल में मलेशिया के गोह से फेई और नूर इजुद्दीन को हराकर 2026 सीजन के अपने पहले फाइनल में जगह बनाई थी। सात्विक और चिराग ने मलेशिया की जोड़ी को 19-21, 22-20, 21-16 से हराया था। यह मुकाबला एक घंटे 22 मिनट तक चला था।
सात्विक और चिराग तीसरी बार थाईलैंड ओपन के खिताबी मुकाबले में पहुंचे थे। इससे पहले, वह साल 2019 और 2024 में इस खिताब पर कब्जा जमा चुके हैं। हालांकि, तीसरी बार टाइटल को जीतने का भारतीय जोड़ी का सपना साकार नहीं हो सका। पीवी सिंधु टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में यामागुची के खिलाफ 21-19, 18-21, 15-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं, जबकि लक्ष्य सेन को क्वार्टर फाइनल मैच में थाईलैंड के खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसर्ण के खिलाफ सीधे सेटों में 19-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा था।

