झारखंडः जामताड़ा के मंदिर में मां पार्वती की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने से लोगों में आक्रोश

0
1

जामताड़ा, 17 मई (आईएएनएस)। झारखंड के जामताड़ा जिला मुख्यालय के गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में मां पार्वती की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।

स्थानीय लोगों ने इसे शरारती तत्वों की करतूत बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रविवार सुबह करीब सात बजे जब कुछ स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर प्रांगण पहुंचे, तब उन्होंने मां पार्वती की मूर्ति को क्षतिग्रस्त स्थिति में देखा। श्रद्धालुओं ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों और मंदिर समिति को दी, जिसके बाद देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

इस घटना को लेकर स्थानीय निवासी श्याम देव चौधरी ने बताया कि मूर्ति को जिस प्रकार से नुकसान पहुंचाया गया है, उसे देखकर साफ प्रतीत होता है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से जानबूझकर इस कृत्य को अंजाम दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द से जल्द दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तार नहीं किया, तो स्थानीय लोग उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी बी. एस. पंडित ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द दबोचना है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों से बातचीत की है और अफवाहों पर ध्यान न देते हुए इलाके में शांति एवं कानून-व्यवस्था बहाल रखने की अपील की है। ऐहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।