SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार : नवरात्रि पर थावे दुर्गा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,...

बिहार : नवरात्रि पर थावे दुर्गा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां सिंहासिनी के दर्शन को पहुंचे हजारों श्रद्धालु

0
5

गोपालगंज, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन बिहार के प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में रविवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन मां सिंहासिनी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा। बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे।

शारदीय नवरात्रि की शुरुआत कलश स्थापना के साथ हुई। थावे मंदिर में सुबह मंगला आरती के बाद माता का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही भक्तों की कतार मंदिर परिसर से बाहर तक पहुंचने लगी। श्रद्धालुओं ने मां सिंहासिनी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु नारियल, चुनरी और प्रसाद लेकर माता के दरबार में पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर परिसर में स्टील पाइप से बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। भीड़ को नियंत्रित करते हुए भक्तों को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है। इससे दर्शन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। थावे दुर्गा मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि मां थावेवाली के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर में घंटियों की आवाज, शंखनाद और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्रि के आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम