Sunday, August 16, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल द हंड्रेड: फाइनल मैच से पहले क्लासेन बोले- ‘मकसद ट्रॉफी जीतना है’

द हंड्रेड: फाइनल मैच से पहले क्लासेन बोले- ‘मकसद ट्रॉफी जीतना है’

0
2

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद हेनरिक क्लासेन का लक्ष्य उनकी टीमों के लिए ट्रॉफी जीतना है, जिनके लिए वह खेलते हैं। क्लासेन अभी ‘द हंड्रेड’ में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की तरफ से खेल रहे हैं। वह रविवार को 2022 की चैंपियन ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ फाइनल के लिए तैयार हैं।

फाइनल से पहले क्लासेन ने फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में अपने मुख्य लक्ष्यों के बारे में बताया। उन्होंने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा, “ट्रॉफी जीतना एक लक्ष्य है। ट्रॉफी जीतने के मामले में हाल का समय अच्छा नहीं रहा है, इसलिए मेरा निजी लक्ष्य खुद को और अपनी टीम को ऐसी स्थिति में लाना है जहां हम ट्रॉफी जीत सकें। फिर, जाहिर है, कम क्रिकेट खेलने के बावजूद क्रिकेट की गुणवत्ता को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है।”

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए क्लासेन ने 15 पारियों में 624 रन बना थे। ‘द हंड्रेड’ में भी उनकी शुरुआत जबरदस्त रही। क्लासेन ने कहा, “मेरा आईपीएल अच्छा रहा। ‘द हंड्रेड’ में भी मेरी शुरुआत अच्छी रही, बीच में थोड़ा शांत दौर रहा, लेकिन अहम बात यह थी कि कुछ रन बनाए जाएं और अपने स्तर को वैसा ही बनाए रखा जाए जैसा वह आमतौर पर होता है।”

जून 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद से क्लासेन फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सबसे व्यस्त खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। आईपीएल और ‘द हंड्रेड’ के अलावा, वह एसए20 (डरबन सुपर जायंट्स) में खेलते हैं, गल्फ जायंट्स के साथ आईएलटी20 में डेब्यू करने वाले हैं और पहली बार हो रही यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में रॉटरडैम डॉकर्स के लिए खेलेंगे।

दुनिया भर की अलग-अलग लीग में खेलने के बारे में बात करते हुए, क्लासेन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की वजह से ही वह दुनिया भर की फ्रेंचाइजी के लिए खेल पा रहे हैं। उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद मुझे इन टूर्नामेंट्स के बीच ब्रेक लेने की आजादी मिल गई है। ज्यादातर टूर्नामेंट्स के बीच मुझे लगभग एक, डेढ़ या दो महीने का समय मिल जाता है। इससे मुझे खुद को तरोताजा करने, चीजों को समझने, जरूरी सुधार करने और अगले टूर्नामेंट के लिए शरीर को तैयार करने का काफी समय मिल जाता है।”

इस बीच, प्रोटियाज के पूर्व स्टार खिलाड़ी ने एक ऐसे भारतीय गेंदबाज का भी जिक्र किया जिनका सामना करना उन्हें पसंद है और दूसरे ऐसे गेंदबाज का जिनसे वह बचना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे युजवेंद्र चहल का सामना करना पसंद है, जबकि नई गेंद के साथ अर्शदीप सिंह का सामना करने से मैं खुशी-खुशी बचना चाहूंगा।”