Friday, May 29, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘द पिरामिड स्कीम’ का ट्रेलर रिलीज, शॉर्टकट से अमीर बनने के सपने...

‘द पिरामिड स्कीम’ का ट्रेलर रिलीज, शॉर्टकट से अमीर बनने के सपने और धोखे का दिखेगा महाजाल

0
7

मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। अभिनेता परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन स्टारर वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। यह सीरीज नेटवर्क मार्केटिंग या मल्टी-लेवल मार्केटिंग की आड़ में होने वाले घोटालों और लोगों को शॉर्टकट से अमीर बनाने के लालच की असलियत को उजागर करती है।

2 मिनट 42 सेकंड के ‘द पिरामिड स्कीम’ का ट्रेलर काफी जबरदस्त दिखाया गया है, जिसमें जल्दी पैसा कमाने की चाहत, ऊंची महत्वाकांक्षाओं, और पिरामिड स्कीम जैसी धोखाधड़ी वाले कारोबार की दुनिया को दिखाया गया है।

ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाता है, जहां चमक-दमक, अमीरी और कुछ ही महीनों में जिंदगी बदलने के बड़े-बड़े सपने दिखाए जाते हैं। ट्रेलर में गोल्डी (परमवीर सिंह चीमा) और मनोज श्रीवास्तव (रणवीर शौरी) की कहानी दिखाई गई है। दोनों की मंजिलें अलग हैं, लेकिन वे एक ऐसी पिरामिड मार्केटिंग कंपनी के जाल में फंस जाते हैं, जो लोगों को जल्दी पैसा, सम्मान और सफलता का लालच देती है।

शुरुआत में तो, सब कुछ आसान और आकर्षक लगता है, लेकिन जैसे-जैसे गोल्डी और मनोज सफलता की सीढ़ियां चढ़ते है, उनके सामने नई चुनौतियां और मुश्किलें आने लगती हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह कंपनी उनके सपनों को पूरा करती है या उन्हें बड़ी परेशानियों में डाल देती है।

सीरीज में अभिनेता परमवीर सिंह चीमा ने गोल्डी का किरदार निभाया है, जिसके लेकर उन्होंने बताया, “गोल्डी एक ऐसा किरदार है, जो मेरे अब तक के निभाए गए सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है। वह हरिद्वार से है और उस जगह का असर उसके व्यक्तित्व में साफ झलकता है। टीवीएफ के साथ काम करने से यह किरदार और भी ज्यादा असली और भरोसेमंद लगा। अब बस मैं सीरीज के रिलीज होने का इंतजार कर रहा हूं।”

वहीं, अभिनेता रणवीर शौरी ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, “जब मैंने स्क्रिप्ट और अपने किरदार के बारे में जाना, तो मैं तुरंत उसकी ओर खींचा चला गया। हालांकि, इसकी कहानी सिर्फ पिरामिड स्कीम पर आधारित नहीं, बल्कि उन आम लोगों की भी है, जो अपनी जिंदगी में सम्मान और बेहतर भविष्य की तलाश में मुश्किल परिस्थितियों में फंस जाते हैं।”

फिल्म में अभिनेता शेखर सुमन तरुण बजाज का किरदार निभा रहे हैं। अपने किरदार को लेकर उन्होंने कहा, “इस सीरीज में मेरा किरदार उन सभी से बिल्कुल अलग है, जो मैंने पहले निभाए हैं। यही बात मेरे इस किरदार को सबसे ज्यादा आकर्षित करती है। प्राइम वीडियो और टीवीएफ के साथ मेरा यह पहला प्रोजेक्ट है और मेरा अनुभव बेहद शानदार रहा।”

आशीष आर शुक्ला द्वारा निर्देशित सीरीज की कहानी अक्षेंद्र मिश्रा ने लिखी है। इसमें अंजन श्रीवास्तव, सुशांत सिंह और स्मिता बंसल जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

यह सीरीज 5 जून से भारत और दुनिया भर के 240 से ज्यादा देशों में स्ट्रीम होगी।