SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी की...

दिल्ली पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी की 5 बाइक-स्कूटी बरामद

0
3

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिमी जिले की दिल्ली पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। तिलक विहार पुलिस पोस्ट की टीम ने इलाके में गश्त के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की पांच दोपहिया गाड़ियां बरामद हुई हैं, जिससे वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।

वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई 26 सितंबर को की गई। एसआई तरुण (इंचार्ज, पीपी तिलक विहार) के नेतृत्व में एक गश्ती टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल महेश, धर्मबीर और शमशेर शामिल थे, थाना तिलक नगर इलाके में गश्त पर थी। यह पूरी कार्रवाई एसएचओ थाना तिलक नगर और एसीपी तिलक नगर के नेतृत्व और डीसीपी की देखरेख में हुई।

गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि वाहन चोरी में शामिल दो लोग चोरी की दोपहिया गाड़ी बेचने के लिए तिलक विहार के बी-ब्लॉक स्थित श्मशान घाट के पास आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर जाल बिछाया। सुबह लगभग 04:15 बजे दो लोगों को एक दोपहिया गाड़ी पर आते देखा गया और उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उनकी पहचान इंद्रपाल सिंह उर्फ प्रिंस और गगनजोत सिंह उर्फ गोगीके रूप में हुई। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं। जब पुलिस ने उनसे गाड़ी के कागजात मांगे तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच में पता चला कि उनके पास मौजूद स्कूटी चोरी की है, जिसकी ई-एफआईआर तिलक नगर थाने में दर्ज थी।

लगातार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे थाना तिलक नगर और अन्य थानों के इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन और चोरी की मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी बरामद वाहनों को नियमानुसार जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय इंद्रपाल सिंह उर्फ प्रिंस पेशे से मैकेनिक का काम करता है जबकि 25 वर्षीय गगनजोत सिंह उर्फ गोगी बेरोजगार है। मैकेनिक होने का फायदा उठाकर प्रिंस गाड़ियों के लॉक आसानी से तोड़ लेता था। इनकी गिरफ्तारी से कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क के बारे में भी जांच कर रही है।