अल अमेरत, 5 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के पहले मैच में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 9 विकेट से रौंदा। अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में मलेशिया से मिले 89 रनों के लक्ष्य को श्रीलंका ने आसानी से 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका अंडर-19 टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान विरन चमुदिथा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद रेहान पीरिस और सेनुजा वेकुनागोडा ने मोर्चा संभाला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 91 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए श्रीलंका को आसान जीत दिलाई।
रेहान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, सेनुजा ने 35 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए।
इससे पहले, श्रीलंका के गेंदबाजों के आगे मलेशिया के बल्लेबाजी क्रम ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम 28.1 ओवर में 88 रन बनाकर ऑलआउट हुई। मलेशिया के 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। सिर्फ स्यामिल अकील अकेले टीम की ओर से लड़ाई लड़ते नजर आए। उन्होंने 50 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए।
हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिल सका। मलेशिया के तीन बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। श्रीलंका के गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। कौशिका कुमारसिंघे ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर के स्पेल में 30 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे।
इसके अलावा, विग्नेश्वरन आकाश ने भी अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया। उन्होंने 4.1 ओवर में महज 7 रन खर्च किए और मलेशिया के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, चनीरू सेनारत्ने ने भी एक विकेट चटकाया। श्रीलंका ने अंडर-19 एशिया कप का आगाज जीत के साथ किया है। टीम अब अपने अगले मुकाबले में बांग्लादेश से शनिवार (7 नवंबर) को भिड़ेगी। वहीं, मलेशिया का सामना शनिवार को ही अफगानिस्तान से होगा।
