बिजनौर, 7 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में स्थित एक शिक्षण संस्थान परिसर के मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। चांदपुर थाना क्षेत्र के भगवंत डिग्री कॉलेज परिसर में बने शिव मंदिर से दानपात्र में रखी नकदी और धार्मिक सामग्री चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चांदपुर के अहमदनगर मोहल्ला निवासी शादाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात आरोपी कॉलेज परिसर में स्थित शिव मंदिर में घुस गया। आरोप है कि उसने मंदिर के दानपात्र से नकदी निकाल ली और वहां स्थापित नागदेवता की तांबे की प्रतिमा को भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा मंदिर में रखी कुछ अन्य धार्मिक वस्तुओं को नुकसान पहुंचाने तथा घंटा उतारने का भी आरोप है।
घटना के दौरान कॉलेज के चौकीदार की नजर आरोपी पर पड़ गई। चौकीदार ने तत्काल उसे पकड़ लिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर चांदपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
चांदपुर क्षेत्राधिकारी (सीओ) देश दीपक ने बताया कि 6 जून की रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि चांदपुर रोड स्थित भगवंत डिग्री कॉलेज परिसर में स्थापित नागदेवता की प्रतिमा और दानपात्र से नकदी चोरी कर एक युवक भागने का प्रयास कर रहा है। वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शादाब के रूप में हुई है, जो अहमदनगर, थाना चांदपुर का निवासी है। उसकी तलाशी के दौरान चोरी की गई नागदेवता की प्रतिमा और दानपात्र से निकाले गए 732 रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ देशदीपक ने बताया कि थाना चांदपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे केवल चोरी का उद्देश्य था या कोई अन्य कारण भी शामिल है।

