हरदोई, 7 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पचदेवरा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, अवैध असलहा, कारतूस, बाइक खोलने के उपकरण, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पचदेवरा थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंदूपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में नूर मोहम्मद उर्फ जरेन्द्र के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ जरेन्द्र, राजपाल निवासी शाहजहांपुर जनपद, वीर सिंह चौहान और शिवनाथ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शाहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक खुली हुई बाइक, बाइक खोलने के उपकरण, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी नूर मोहम्मद के विरुद्ध लगभग दर्जनभर मामले दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि पचदेवरा पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में नूर मोहम्मद नामक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मुठभेड़ के दौरान उसके तीन साथियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो चोरी की गई बाइक, एक खुली हुई बाइक, बाइक खोलने के उपकरण, चार मोबाइल फोन और कुछ नकद राशि बरामद की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि नूर मोहम्मद पर पहले से ही लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

