SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी के मंत्रियों ने खड़गे पर साधा निशाना, कहा-मानसिक संतुलन खो चुकी...

यूपी के मंत्रियों ने खड़गे पर साधा निशाना, कहा-मानसिक संतुलन खो चुकी है कांग्रेस

0
3

लखनऊ, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी से बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने इस बयान की कड़ी निंदा की है।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “कांग्रेस जिस तरह से प्रधानमंत्री के माता-पिता के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही है, इसे देश के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना ही पड़ेगा। सत्ता न मिलने की जो भूख है, वो तड़पड़ाहट में बदल चुकी है। कांग्रेस अपना मानसिक संतुलन भी खो चुकी है। 2027 के यूपी चुनाव में फिर से भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी।”

यूपी सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी खड़गे के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा, “जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। कांग्रेस के पास अब कोई पॉलिसी नहीं रही और कोई विषय-वस्तु नहीं है। अब वह केवल इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करके जनता का विश्वास जीतना चाहते हैं। इस तरह से जनता का विश्वास कभी नहीं मिलेगा। तीन चुनाव में 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। पीएम मोदी के पिताजी के लिए इस तरह की बातें करना बिल्कुल गलत है, उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।”

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा, “हम उनके बयान की निंदा करते हैं। जो उन्होंने बयान दिया है, वह राजनीति में अच्छी बात नहीं है। खड़गे को देश के सामने माफी मांगनी चाहिए।”

दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने 25 अक्टूबर को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिन्हा की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में विवादित बयान दिया था।

कार्यक्रम के दौरान जब खड़गे वोटर लिस्ट के एसआईआर और भाजपा की आलोचना कर रहे थे, तभी भीड़ में से किसी ने चिल्लाकर कहा, ‘मोदी नहीं जाएगा।’ इस पर खड़गे ने मंच से जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।”