लखनऊ, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के चुनाव नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छह और समाजवादी पार्टी (सपा) को पांच सीटें मिली हैं। चुनाव में भाजपा को जहां अपनी छह सीटें बचाने में कामयाबी मिली, वहीं सपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज कर मुकाबले को करीबी बना दिया।
सबसे बड़ा उलटफेर लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हुआ, जहां सपा की कांति सिंह ने भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह को हराकर सीट अपने नाम कर ली। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा को स्नातक और शिक्षक, दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 की मतगणना पूरी होने के बाद सभी 11 सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए। इस बार किसी निर्दलीय उम्मीदवार को जीत नहीं मिली, जबकि पिछले चुनाव में दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।
घोषित परिणामों के मुताबिक, 11 में से 10 सीटों पर मौजूदा विधान परिषद सदस्यों ने अपनी सीट बरकरार रखी, जबकि लखनऊ स्नातक सीट पर मौजूदा सदस्य अवनीश कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा।
चुनाव आयोग से जारी आंकड़े के अनुसार लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा की कांति सिंह ने 56,905 मत हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा के अवनीश कुमार सिंह को 39,778 मत मिले। इस तरह कांति सिंह ने 17,127 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इस सीट का परिणाम चुनाव के प्रमुख उलटफेरों में शामिल रहा। वाराणसी में भी भाजपा को दोनों सीटों पर हार मिली।
वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के आशुतोष सिन्हा ने 55,046 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। भाजपा के केदारनाथ सिंह को 35,114 मत मिले। वहीं, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के लाल बिहारी यादव 11,612 मत हासिल कर विजयी घोषित हुए। भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को 6,597 मत मिले। मतगणना के दौरान कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति भी बनी।
भाजपा के विरोध के बाद एक स्थान पर मतगणना रोके जाने की सूचना सामने आई थी। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की चेतावनी के करीब चार घंटे बाद मतगणना दोबारा शुरू कराए जाने की बात कही गई। हालांकि, सभी 11 सीटों के परिणाम घोषित होने के साथ चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 16,790 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय राजीव यादव को 14,580 मत मिले। इस सीट पर मुकाबला करीबी रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र से जुड़े इस निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा अपनी सीट बचाने में सफल रही। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल 24,929 मत प्राप्त कर विजयी हुए। सपा के प्रमेन्द्र सिंह भाटी को 12,073 मत मिले। आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने 42,743 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। सपा के शशांक यादव उर्फ शीटू को 27,734 मत मिले।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉ. मान सिंह यादव 60,358 मत हासिल कर विजयी घोषित हुए। भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 32,695 मत मिले। लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा की कांति सिंह ने 56,905 मत प्राप्त कर भाजपा के अवनीश कुमार सिंह को पराजित किया। अवनीश सिंह को 39,778 मत मिले। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के आशुतोष सिन्हा ने 55,046 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। भाजपा के केदारनाथ सिंह को 35,114 मत मिले।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी 13,179 मत प्राप्त कर विजयी हुए। सपा के सुशील कुमार को 8,371 मत मिले। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव ने 11,612 मत हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को 6,597 मत मिले। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल 14,046 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुए। भाजपा के हरि किशोर तिवारी को 9,783 मत मिले।
मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने 18,099 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। सपा के डॉ. नितिन तोमर को 4,858 मत मिले। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. हरी सिंह ढिल्लो 21,672 मत प्राप्त कर विजयी हुए। सपा के हाजी दानिश अख्तर को 3,996 मत मिले। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 16,790 मत हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय राजीव यादव को 14,580 मत मिले।

