SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपीआई पर कांग्रेस फैला रही भ्रम, ग्राहक की जेब से पैसा नहीं...

यूपीआई पर कांग्रेस फैला रही भ्रम, ग्राहक की जेब से पैसा नहीं जाएगा: शिवसेना प्रवक्ता

0
6

मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिशा सालियान मामले में सीबीआई जांच, यूपीआई ट्रांजैक्शन चार्ज को लेकर कांग्रेस के आरोपों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने दिशा सालियान मामले में कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, यूपीआई को लेकर उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ग्राहकों पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं डाला जा रहा है।

यूपीआई ट्रांजैक्शन पर कथित नए शुल्क को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर संजय निरुपम ने कहा कि व्यक्ति से व्यक्ति के बीच होने वाले यूपीआई लेनदेन पर कोई टैक्स या सरचार्ज नहीं लगेगा। यदि कोई व्यक्ति किसी व्यापारी को 2 हजार से अधिक का भुगतान करता है और उस पर कोई निर्धारित शुल्क लागू होता है, तो उसका भुगतान व्यापारी की ओर से किया जाएगा, ग्राहक की जेब से अतिरिक्त राशि नहीं जाएगी।

निरुपम ने कहा कि कांग्रेस और उससे जुड़े राजनीतिक तंत्र की ओर से यह प्रचार किया जा रहा है कि ऐसे शुल्क से प्राप्त पैसा विदेशी कंपनियों के पास चला जाएगा। उन्होंने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि भारत में यूपीआई का पूरा भुगतान ढांचा भारतीय बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने फोन पे और गूगल पे का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्लेटफॉर्मों में विदेशी कंपनियों की हिस्सेदारी है, लेकिन यूपीआई लेनदेन में धन का प्रवाह भारतीय बैंकों के माध्यम से होता है। भुगतान करने वाले व्यक्ति के बैंक, व्यापारी के बैंक और संबंधित यूपीआई प्लेटफॉर्म से जुड़े बैंकिंग ढांचे में होने वाले लेनदेन को केवल इस आधार पर अमेरिका जाने वाला पैसा बताना सही नहीं है।

दिशा सालियान की मौत के मामले में सीबीआई की ओर से दर्ज एफआईआर पर निरुपम ने कहा कि कुछ लोग इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पहले दिशा सालियान और उनके परिवार की न्याय की लड़ाई को देखा जाना चाहिए। दिशा के पिता पिछले कई वर्षों से अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एफआईआर में किसी व्यक्ति का नाम आने मात्र से वह दोषी या अपराधी साबित नहीं हो जाता। एफआईआर में आरोप दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी को पूरे मामले की जांच करनी होती है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होती है।

निरुपम ने यह भी कहा कि सीबीआई को जांच का निर्देश महाराष्ट्र सरकार या भाजपा-शिवसेना सरकार ने नहीं, बल्कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिशा सालियान के पिता की याचिका पर दिया है। इसलिए इस जांच को केवल राजनीतिक फैसला बताना उचित नहीं है। पुलिस की पिछली जांच पर सवाल उठाते हुए निरुपम ने कहा कि जब पहले मामले की जांच की गई और उसे बंद किया गया, उस समय उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। उस दौरान पुलिस पर राजनीतिक प्रभाव रहा होगा। मौजूदा सीबीआई जांच में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए संजय निरुपम ने उनकी नेतृत्व क्षमता और नीति-निर्माण के तरीके की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और करीब 12 वर्षों तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद वे पिछले करीब 13 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री हैं। राजनीति में लंबे समय तक जनता का विश्वास बनाए रखना आसान नहीं होता। लगातार चुनावी सफलता और लंबे समय तक सत्ता में बने रहने से यह संकेत मिलता है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और कामकाज को जनता का समर्थन मिला है। यह उनके राजनीतिक दृष्टिकोण और नेतृत्व पर निरुपम का आकलन है।

प्रधानमंत्री के साथ अपनी पुरानी मुलाकातों को याद करते हुए संजय निरुपम ने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए करीब 2003-04 के दौरान उन्हें अहमदाबाद में मोदी से मिलने का अवसर मिला था। उस समय उद्धव ठाकरे भी उनके साथ थे और उन्होंने अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया था। उस मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई और मोदी की बातचीत में उन्हें स्पष्टता दिखाई दी। आम लोगों तक अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के दृष्टिकोण से नीति बनाने पर मोदी का जोर उस समय भी दिखाई देता था।

निरुपम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने पीएण मोदी को देश के लिए समर्पित और त्यागपूर्ण जीवन जीने वाला नेता बताते हुए कहा कि उनके अनुसार भारत को ऐसा प्रधानमंत्री मिलना देश के लिए सौभाग्य की बात है।