Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth यूपीएससी सीएपीएफ में 349 असिस्टेंट कमांडेंट पदों पर भर्ती, ग्रेजुएट्स के पास...

यूपीएससी सीएपीएफ में 349 असिस्टेंट कमांडेंट पदों पर भर्ती, ग्रेजुएट्स के पास 13 मार्च तक मौका

0
18

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) के माध्यम से असिस्टेंट कमांडेंट (एसी) के कुल 349 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 13 मार्च निर्धारित की गई है।

ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार जारी पदों के लिए आवेदन करने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद लास्ट डेट के शाम 6 बजे तक अप्लाई कर सकते हैं। यूपीएससी की ओर से सीएपीएफ के जिन असिस्टेंट कमांडेंट पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं, उनमें बीएसएफ के 108, सीआरपीएफ के 106, आईटीबीएफ के 12, एसएसबी के 53 और सीआईएसएफ के 70 पद शामिल हैं।

आयोग की ओर से जारी इन पदों पर आवेदन करने के लिए योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी की आयु 20 से 25 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 01-08-2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

इसके अलावा, आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास केंद्रीय/राज्य विधानमंडल के अधिनियम द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय या यूजीसी अधिनियम, 1956 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बैचलर की डिग्री होनी चाहिए।

अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में जमा करना होगा, जो जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस पुरुष कैंडिडेट्स के लिए 200 रुपए है। वहीं, महिला उम्मीदवारों सहित एससी/एसटी वर्ग के कैंडिडेट्स को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।

यूपीएससी की ओर से जारी पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 जुलाई को होगी, जिसमें सफल हुए अभ्यर्थियों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (पीएसटी)/फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (पीईटी), इंटरव्यू/पर्सनैलिटी टेस्ट (पीटी) और मेडिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (एमएसटी) में शामिल होना होगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां होम पेज पर जाने के बाद संबंधित लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक नया पेज खुलेगा, वहां लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज करें और सबमिट कर दें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और सिग्नेचर को अपलोड करें। आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।