SGSU Advertisement
Home खेल यूएस ओपन: राजीव राम ने पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में हार के बाद...

यूएस ओपन: राजीव राम ने पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में हार के बाद लिया संन्यास

0
1

न्यूयॉर्क, 11 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्व डबल्स वर्ल्ड नंबर 1 राजीव राम ने टेनिस को अलविदा कह दिया है। राम और जो सैलिसबरी की जोड़ी को छठी सीड वाली जर्मन जोड़ी ने यूएस ओपन 2026 के डबल्स के सेमीफाइनल में हराया। इस हार के साथ ही राजीव राम ने टेनिस को अलविदा कहा।

2021 से 2023 तक हर साल यूएस ओपन डबल्स का खिताब जीतने वाली राम और सैलिसबरी की जोड़ी को केविन क्राविएट्ज और टिम पुएट्ज से 6-3, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा।

यूएसटीए के सीईओ क्रेग टिली और यूएस ओपन टूर्नामेंट के निदेशक एरिक बुटोरैक ने राजीव राम को उनके बेहतरीन करियर के लिए बधाई दी। बता दें कि टिली, इलिनोइस यूनिवर्सिटी में राम के कॉलेज कोच हैं, जबकि एरिक उनके पूर्व डबल्स पार्टनर रहे हैं।

राम और उनके लंबे समय के डबल्स पार्टनर सैलिसबरी टूर्नामेंट के इतिहास में अकेले ऐसे जोड़ी हैं जिन्होंने मेन्स डबल्स में तीन बार जीत हासिल की है। इंडियाना के रहने वाले राम ने लगातार 26 बार यूएस ओपन पुरुष डबल्स खेला है। यह अपने आप में ऐतिहासिक है।

राजीव राम ने सेमीफाइनल के बाद कहा, “वह इस खेल को अलविदा कहने का इससे बेहतर तरीका सोच भी नहीं सकते थे।”

यूएसओपन.ओआरजी से बात करते हुए राजीव राम ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो, इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता था। मेरा परिवार, मेरी पत्नी और मेरी मां वहां थीं। मेरे कॉलेज के कोच और मेरे पुराने पार्टनर एरिक बुटोरैक वहां थे। मेरे पुराने पार्टनर (जो सैलिसबरी), जिनके साथ मेरी बहुत सारी अच्छी यादें हैं, वह भी मेरे साथ वहां थे।”

राम ने अपना करियर छह बड़े टाइटल के साथ खत्म किया। इसमें दो मिक्स्ड और चार पुरुष में, और 32 एटीपी डबल्स टाइटल हैं। वह 2023 में नंबर 1 रैंकिंग पर पहुंचे, छह मास्टर्स टाइटल और दो ओलंपिक सिल्वर मेडल जीते। यूएस डेविस कप टीम में अहम योगदान दिया।

यूएस ओपन में राम का दबदबा दिखा। उन्होंने और सैलिसबरी ने लगातार 20 जीत हासिल कीं, जिसमें 2021 से 2023 तक लगातार तीन खिताब शामिल हैं। यह एक ऐसा कारनामा है जो किसी दूसरी पुरुष टीम ने कभी हासिल नहीं किया।

राम ने कहा, “उम्मीद है कि कोई न कोई इसे कभी न कभी करेगा, लेकिन मुझे लगता है कि हम कह सकते हैं कि यह हमारे पास कुछ समय के लिए था।”