नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में बुधवार को ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि अंधाधुंध गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। गोली दीवार और कार पर लगी है। गोलीबारी की यह घटना बुकी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर की गई है। साहिल जैन पर अवैध कॉल सेंटर के कारोबार का भी आरोप है।
साहिल जैन को कथित तौर पर वर्ष 2021 में लारेंस बिश्नोई ने खुद कॉल करके धमकी दी थी। लारेंस बिश्नोई का साहिल जैन को धमकी देने वाला ऑडियो भी वायरल हुआ था। गोलीबारी की घटना की जांच में पुलिस जुट गई है। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि दो शूटर ताबड़तोड़ गोलियां चला रहे हैं। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि दो शूटर बाइक पर आते हैं, उसके बाद एक शूटर घर की तरफ टारगेट करके कई राउंड गोलियां चलाते दिखाई दे रहा है।
इसके बाद दोनों शूटर पार्किंग में खड़ी कार पर फायरिंग करके फरार हो गए। आरोपियों की ओर से कुल 6 राउंड गोलियां चलाई गईं हैं। पुलिस जांच कर रही है कि गोलियां क्या लारेंस बिश्नोई गैंग के लोगों ने चलाई हैं या किसी और गैंग का हाथ है। सूत्रों के मुताबिक रंगदारी मांगने के लिए फायरिंग का शक है। पुलिस के मुताबिक, साहिल 2019 में दुबई में शिफ्ट हो गया था और कुछ समय पहले जुलाई में ही वह भारत वापस आया है।
इससे पहले 5 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला की स्पेशल स्टाफ की टीम ने उस्मानपुर यमुना खादर में देर रात मुठभेड़ के दौरान लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग से जुड़े 2 अपराधियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी थी।
आरोपियों की पहचान वसीम और कैफ के रूप में हुई थी। पुलिस ने बताया था कि दोनों अपराधियों ने 2 अक्टूबर को भजनपुरा क्षेत्र में एक व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। साथ ही, उन्होंने हवाई फायरिंग की थी। इसके बाद दोनों अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग से ताल्लुक रखते हैं।
