उत्तराखंड: चमोली में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा, सांसद अनिल बलूनी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए

0
3

चमोली, 15 मई (आईएएनएस)। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र पोषित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।

समीक्षा के दौरान सांसद ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि उनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे।

सांसद बलूनी ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करना चाहिए। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी के लिए इस प्रकार की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सांसद ने कहा कि आज हुई बैठक में जिले के सभी प्रमुख अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी के साथ विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में यह निर्देश दिए गए हैं कि आने वाले समय में कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाए और लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने आगे कि अगले दो से तीन महीने के भीतर फिर से बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वर्तमान बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की जाएगी और प्रगति का आकलन किया जाएगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सांसद अनिल बलूनी ने लिखा, “आज गोपेश्वर में आयोजित विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनपद के सभी विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जनपद में संचालित सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पर्यटन, ग्राम्य विकास एवं अन्य आधारभूत विकास परियोजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।”

उन्होंने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक एवं जनकल्याणकारी नेतृत्व में आज संपूर्ण भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर अग्रसर है। इसी संकल्प के साथ हम गढ़वाल क्षेत्र के सर्वांगीण, संतुलित एवं सतत विकास हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ निरंतर कार्यरत हैं।”