SGSU Advertisement
Home अपराध महाराष्ट्र : वैजापुर हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत 16 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र : वैजापुर हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत 16 आरोपी गिरफ्तार

0
2

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। औरंगाबाद के वैजापुर में गणेशोत्सव 2026 के विसर्जन जुलूस के दौरान दो मंडलों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट में घायल हुए रोहित पठारे की उपचार के दौरान 3 नवंबर को मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया है।

इस मामले में वैजापुर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अपराजिता अग्निहोत्री की निगरानी में स्थानीय अपराध शाखा और वैजापुर पुलिस थाने की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में तैनात की गई थी। पुलिस ने गोपनीय जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच तेज करते हुए दूसरे जिलों में छिपे आरोपियों का पता लगाया।

इसी कार्रवाई के तहत 9 नवंबर को पुलिस ने छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश उर्फ अनिकेत पोपट होंड, ज्ञानेश्वर सिताराम वडालकर, प्रतीक कैलास साळुंके, रोहित मच्छिंद्र आहेर, संकेत आदिनाथ आहेर और तुषार आदिनाथ आहेर शामिल हैं। ये सभी वैजापुर के निवासी हैं। इनके अलावा एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया है।

इससे पहले हत्या के मामले में आठ आरोपियों को और वैजापुर पुलिस थाने में दर्ज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अब छह और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 16 हो गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें अभी भी जुटी हुई हैं।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव, अपर पुलिस अधीक्षक अपराजिता अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में वैजापुर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी भागवत फुंदे, परिवीक्षाधीन पुलिस उप अधीक्षक एवं वैजापुर थाने के प्रभारी अधिकारी विनय सोनवणे, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विजय सिंह राजपूत, पुलिस निरीक्षक सत्यजीत ताईतवाले, पुलिस निरीक्षक वैभव रणखांब, सहायक पुलिस निरीक्षक विठ्ठल झांजुर्णे तथा पुलिस उपनिरीक्षक लहुजी घोडे, भारत निकाळजे, रामेश्वर ढाकणे, युवराज पाडळे और अन्य पुलिसकर्मियों ने की।