SGSU Advertisement
Home अपराध वकालत छोड़ ड्रग्स सप्लाई करने लगा गाजीपुर का युवक, दिंडोशी पुलिस ने...

वकालत छोड़ ड्रग्स सप्लाई करने लगा गाजीपुर का युवक, दिंडोशी पुलिस ने 1.28 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ किया गिरफ्तार

0
2

मुंबई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ दिंडोशी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.28 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पेशे से वकील बताया जा रहा है, जिसने ज्यादा पैसे कमाने के लिए वकालत छोड़कर ड्रग्स सप्लाई का रास्ता अपनाया।

पुलिस के मुताबिक दिंडोशी पुलिस स्टेशन की ड्रग्स स्क्वॉड टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दिंडोशी की हद में ड्रग्स की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल योजना बनाई और संबंधित इलाके में निगरानी बढ़ा दी।

जाल बिछाकर पुलिस ने हाईराइज टावर क्षेत्र, सैटेलाइट टावर के पास ड्रग्स सप्लाई करने पहुंचे, आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवाजी जयप्रकाश सिंह (31) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 680 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख से 1.28 करोड़ रुपए बताई गई है। आरोपी के पास से कुछ अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी को एमडी ड्रग्स की हर खेप पहुंचाने पर 12 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप दिल्ली से किसने भेजी थी, मुंबई में इसे किसे सौंपा जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

डीसीपी गजानन राजमाने ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। अब पुलिस बरामद ड्रग्स, आरोपी से मिले दस्तावेजों और उसके मोबाइल संपर्कों की जांच के जरिए पूरे सप्लाई चेन का पता लगा रही है।

पुलिस का मानना है कि इस बरामदगी के पीछे दिल्ली से मुंबई तक फैला एक बड़ा ड्रग्स नेटवर्क हो सकता है। जांच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह होगा कि इस खेप का अंतिम गंतव्य कौन था और क्या इसके पीछे कोई संगठित सिंडिकेट काम कर रहा है।

फिलहाल आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे होंगे और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकेगा। मुंबई पुलिस ने साफ किया है कि शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।