चंडीगढ़, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम विवाद को लेकर कांग्रेस पार्टी की आलोचना की। इसके साथ ही, उन्होंने झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है।
कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम’ को पूरा न गाने पर आपत्ति जताने के आरोपों पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के बारे में भाजपा सांसद तरुण चुघ ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “यह बहुत दुखद, शर्मनाक और चिंताजनक है। राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज देश का गौरव, सम्मान और शान है। देश के वीर सपूत इनके लिए बलिदान देते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से, सोनिया गांधी सार्वजनिक रूप से भारत के आत्मसम्मान और गौरव का अपमान कर रही हैं।”
भाजपा नेता ने कहा कि दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के जवान शहीद होते थे तब इनकी आंखों से आंसू नहीं निकलते थे। वहीं, बाटला एनकाउंटर मामले में आतंकवादी मरता है तो आधिकारिक रिलीज आता है कि वह सारी रात रोती रहीं। उनका वंदे मातरम पर कृत्य देशद्रोह है। इसके लिए देश कभी उनको माफ नहीं करेगा। गांधी-नेहरू परिवार देश को बदनाम करने और संविधान को अपमानित करने के लिए विदेश टूलकिट के तहत काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जब ऑपरेशन सिंदूर के तहत देश के जवान पाकिस्तान को सबक सिखा रहे थे, तब राहुल गांधी पड़ोसी देश के प्रवक्ता बनकर प्रेस नोट रिलीज कर रहे थे। पाकिस्तान की सेना जो बोल रही थी, वही कॉपी पेस्ट राहुल गांधी बोल रहे थे। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
झारखंड के छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर तरुण चुघ ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर तिलमिलाहट थी कि किस तरह आंदोलन को राजनीतिक रूप से हाइजेक कर लूं, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों ने तवज्जो नहीं दी। वहीं, झारखंड में कांग्रेस की गठबंधन की सरकार है, इसीलिए चुप बैठे हैं, यह दोहरा मापदंड है। झारखंड में छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। यह कांग्रेस का दोहरा मापदंड है, जिसे देश ने पहले भी देखा है।

