वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विजय को कांग्रेस व अन्य दलों का साथ मिला: अखिलेश सिंह

0
4

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। साउथ फिल्म इंड्रस्ट्री के मेगास्टार से राजनीति की पिच पर धमाकेदार शुरूआत करने वाले टीवीके के प्रमुख थलापति विजय ने रविवार को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

थलापति विजय के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस और अन्य दलों ने विजय का समर्थन किया है। नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विजय ने विधानसभा चुनाव में एक बड़ी जीत हासिल की और आज उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। कांग्रेस पार्टी ने भी उनका समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उनके खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, जो परिस्थिति तमिलनाडु में बनी हैं, उन परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए, कांग्रेस पार्टी और वामपंथी दलों के अलावा अन्य दलों ने तय किया कि नई सरकार को समर्थन देंगे।

उन्होंने टीवीके के प्रमुख विजय की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत ही कम समय में बहुत बड़ी जीत हासिल की।

केरल में सीएम फेस को लेकर चल रही खींचतान पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। कुछ नाम शीर्ष नेतृत्व के पास हैं, बस उसी पर मंथन चल रहा है। जल्द ही जनता को नया सीएम मिलेगा। केरल में सीएम बनाने के पीछे ज्यादा देरी नहीं होगी। बस सभी को साथ लेकर चलने की शीर्ष नेतृत्व की चिंता है।

बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि मैंने जो आकलन किया था, उसके अनुसार बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बन रही थी लेकिन जिस तरह का परिणाम हम सभी ने देखा, वह चौंकाने वाला था। जनता के जनादेश का हम सम्मान करते हैं और जनादेश को स्वीकार करते हैं।

बताते चलें कि विजय ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी। 200 यूनिट फ्री बिजली की घोषणा कर विजय ने साफ कर दिया कि जो वादे चुनाव के दौरान किए गए, वे अब एक-एक कर पूरे किए जाएंगे।