मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) नेता सुषमा अंधारे के महाराष्ट्र विधान परिषद विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश होने, प्रधानमंत्री मोदी के वर्क फ्रॉम होम सहित अन्य मुद्दों पर शिवसेना नेता और एमएलसी मनीषा कायंदे, विशेषाधिकार समिति के प्रमुख प्रसाद लाड, और शिवसेना (यूबीटी) नेता और एमएलसी अनिल परब ने प्रतिक्रियाएं दीं। प्रसाद लाड ने सुषमा से 22 सवाल पूछे और उनके जवाब रिकॉर्ड में दर्ज किए।
दरअसल, स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने मार्च 2025 में एकनाथ शिंदे पर एक व्यंग्य कविता लिखी थी, जिसका सुषमा अंधारे ने समर्थन किया था। इस पर प्रवीण दारेकर ने अधिकारों के हनन का प्रस्ताव पेश किया। इसी मामले में सुषमा अंधारे महाराष्ट्र विधान परिषद विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश हुईं। सुषमा अंधारे ने कहा कि वह माफी नहीं मांगेंगी और समिति जो भी फैसला सुनाएगी, उसे स्वीकार करेगी।
प्रसाद लाड ने कहा, “सुषमा अंधारे द्वारा साक्ष्य प्रस्तुत किया गया। समिति ने उनसे पूछताछ की। मैंने सुषमा से 22 प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया है। इन जवाबों का समिति जांच करेगी। सुषमा ने कहा कि उन्होंने एकनाथ शिंदे के खिलाफ कोई गलत टिप्पणी नहीं की थी। अगर वह माफी मांगती है तो समिति उस पर अलग से विचार करेगी।”
वहीं, प्रधानमंत्री की अपील पर प्रसाद लाड ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी सोच के साथ काम करते हैं। प्रधानमंत्री ने भविष्य में होने वाली कठिनाइयों से देश को बचाने के लिए सोना न खरीदने सहित अन्य सावधानी बरतने की अपील की है। प्रधानमंत्री की अपील पर जनता को पूरी तरह से अमल करना चाहिए।”
राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री की अपील को नाकामी के सबूत बताने पर लाड ने कहा, “राहुल गांधी की बात को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।”
वहीं, मनीषा कायंदे ने कहा, “मैंने कुछ प्रश्न सुषमा अंधारे से पूछे, लेकिन वह जवाब नहीं दे पाईं। इस मामले को लेकर प्रक्रिया जारी है तो सुषमा अंधारे को क्या सजा मिलेगी, यह अभी नहीं बता सकती। प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक स्थिति को देखते हुए सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की है। इस संकट में यह बहुत जरूरी है। देश के प्रधानमंत्री दूरदर्शी हैं। उनकी दूरदृष्टि के कारण ही पिछले 11-12 वर्षों में विकास हुआ है।”
एमएलसी अनिल परब ने कहा, “सुषमा अंधारे ने समिति के सामने पेश होकर कहा कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कोई टिप्पणी नहीं की थी। उन्होंने स्टूडियो तोड़ने वालों पर टिप्पणी की थी। कुणाल कामरा के गीत में भी उपमुख्यमंत्री का नाम नहीं है।”

