नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आयोजित रैली को इंडिया ब्लॉक ने सफल बताया है। कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव और काजी मुहम्मद निजामुद्दीन, सीपीआई (एम) नेता एमए बेबी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने रैली के बाद अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
इंडी गठबंधन की रैली पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “जैसी उम्मीद थी, इस रैली में शामिल होने के लिए देशभर से लाखों लोग पहुंचे। मैं इसे एक बेहद सफल रैली मानता हूं। इसमें शामिल लोगों की संख्या और पूरे कार्यक्रम के दौरान दिखा उत्साह बहुत ही उत्साहजनक था। सुबह 9 बजे ही रामलीला मैदान लगभग भर चुका था और मैदान के चारों ओर भी भारी भीड़ जमा हो गई थी। यह अपने आप में दिखाता है कि लोग अब अपने वोटिंग अधिकारों के प्रति जागरूक हो गए हैं। वे इन अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ने को तैयार हैं।”
राहुल गांधी अपने संबोधन के दौरान मोहब्बत की दुकान का जिक्र करते नजर आए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि हमारे मन में किसी के प्रति कोई घृणा नहीं है, लेकिन देश के लोकतंत्र को कोई कमजोर करेगा, वो सहन नहीं होगा। हम लोकतंत्र को बचाने के लिए शांतिपूर्वक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।
काजी मुहम्मद निजामुद्दीन ने कहा कि लोग ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सड़कों पर थे, मार्च में शामिल थे और रामलीला मैदान में राहुल गांधी के भाषण को सुनने के लिए एकत्र हुए थे। संवैधानिक अधिकार के हनन होने को लेकर सभी लोग गुस्से में हैं। ‘वोट चोरी’ के मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।
भाजपा के आज के दिन को ब्लैक-डे बताने को लेकर मुहम्मद निजामुद्दीन ने कहा कि अगर जनता के वोट के अधिकार को छीना जाएगा तो हर दिन काला दिन होगा।
सीपीआई (एम) नेता एमए बेबी ने कहा, “जस्टिस जोसेफ की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने कहा था कि चुनाव आयुक्तों का चयन निष्पक्ष होना चाहिए। मैं इतिहास में नहीं जाना चाहता, लेकिन डॉ. अंबेडकर और संविधान सभा ने कहा था कि जब तक चुनाव आयुक्तों के चयन के लिए कोई कानून नहीं बन जाता, तब तक राष्ट्रपति उनकी नियुक्ति करेंगे यानी कार्यपालिका नियुक्ति करेगी। लेकिन, इस संबंध में कोई कानून नहीं बनाया गया।”
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “इस ऐतिहासिक रामलीला मैदान ने एक ऐतिहासिक रैली देखी है। यह रैली किसी के खिलाफ नहीं है और न ही इसका मकसद किसी का अपमान करना है। इसका आयोजन देश के लोकतंत्र को बचाने और देश को बचाने के लिए किया गया है।”
अवधेश प्रसाद ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने देश की जनता को वोट का अधिकार दिया है। वोट के अधिकार से ज्यादा कीमती कुछ नहीं है। वोट के अधिकार को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार छीनना चाहती है। वोट चोरी को रोकने के लिए रैली आयोजित की गई थी, जो कामयाब रही। इस रैली का दूरगामी असर पड़ेगा, जिम्मेदार लोगों को जेल जाना पड़ेगा।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने राहुल गांधी के मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि हम उन (भाजपा) जैसे नहीं हैं, जो बोलते रहते हैं, हम करके दिखाने वालों में हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का सपना क्या है, वो क्या जानें? उन्होंने कहा कि वो अपने भविष्य को संभालें। वे कुर्सी पकड़कर चार दिन और बैठ लें। वो कहां-कहां हार गए, ये नहीं बता रहे हैं। नागपुर में हार गए, वाराणसी में हार गए, पटना में हार गए, पुणे में हार गए, ये नहीं बताएंगे।

