न्यूयॉर्क, 24 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन को सऊदी अरब के खिलाफ मिली 4-0 की जीत में टीम के स्ट्राइकर मिकेल ओयारजाबल ने 2 गोल करते हुए अहम भूमिका निभाई थी। इन दो गोलों के बूते वह गोल्डन बूट की रेस में शामिल हो गए हैं। हालांकि, ओयारजाबल का कहना है कि उन्हें अपनी लोकप्रियता से ज्यादा चिंता टीम के प्रदर्शन और जीत की रहती है। उन्होंने युवा खिलाड़ी यामल की भी जमकर प्रशंसा की।
ओयारजाबल ने कहा कि वे बड़े खिलाड़ियों जैसे काइलियन एम्बाप्पे, एर्लिंग हालैंड और हैरी केन की तुलना में कम चर्चा में रहते हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने साफ कहा, “मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं। मैं अपना समय ऐसी बातों पर बर्बाद नहीं करता। मेरे लिए सबसे जरूरी टीम, कोच और स्टाफ का भरोसा है।”
सऊदी अरब के खिलाफ मिली जीत में युवा खिलाड़ी लामिन यामल का भी अहम योगदान रहा था। यामल ने मैच में शानदार खेल दिखाया और पहले हाफ में एक गोल भी किया। ओयारजाबल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि यामल जैसे खिलाड़ी विपक्षी टीम के लिए काफी परेशानी पैदा करते हैं और उनकी मौजूदगी से स्पेन को बड़ा फायदा मिलता है। उन्होंने कहा, “हम दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक के बारे में बात कर रहे हैं। वह खेल को बदलने की क्षमता रखते हैं और विरोधी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर देते हैं। हमारे लिए यह बहुत फायदेमंद है।”
ओयारजाबल ने यह भी कहा कि उन्हें अपने साथ ऐसे साथी खिलाड़ी मिलना सौभाग्य की बात है, जो हर मैच में गोल करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने बताया कि वे व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा टीम की सफलता पर ध्यान देते हैं। ओयारजाबल के अनुसार, अगर उन्हें मौका नहीं भी मिलता, तो भी उनकी टीम में ऐसे खिलाड़ी हैं जो गोल कर सकते हैं। स्पेन के स्टार खिलाड़ी ने माना कि उन्हें कुछ छोटी शारीरिक परेशानियां हैं, लेकिन यह खेल का हिस्सा हैं। उनका कहना है कि वह पूरी तरह फिट हैं और ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहते हैं।
अपने क्लब भविष्य को लेकर उठ रही अटकलों पर भी ओयारजाबल ने विराम लगाया। उन्होंने साफ कहा कि वह रियल सोसिएदाद में खुश हैं और वहीं रहना चाहते हैं, जिसने उन्हें आज इस स्तर तक पहुंचाया है। ग्रुप एच के अपने अगले मुकाबले में स्पेन की भिड़ंत उरुग्वे से 27 जून को होगी।

