कोलंबो, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बाएं हाथ की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा ‘आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी’ में श्रीलंकाई टीम की कमान संभालेंगी। बुधवार को घोषित 14 सदस्यीय टीम में नियमित कप्तान चामरी अट्टापट्टू को शामिल नहीं किया गया है। वहीं, करीब 6 साल बाद दाएं हाथ की तेज गेंदबाज सत्या संदीपनी को टी20 टीम में शामिल किया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाली प्रतियोगिता के लिए श्रीलंकाई टीम में विश्मी गुणरत्ने और नीलाक्षिका सिल्वा की वापसी हुई है, जिन्हें एशियन गेम्स के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी। तेज गेंदबाज मल्की मदारा को भी टीम में चुना गया है, जो एशिया कप और एशियन गेम्स दोनों में नहीं खेल सकी थीं।
सत्या संदीपनी की टी20 टीम में वापसी हुई है। संदीपनी ने अपना इकलौता टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2020 में भारत के खिलाफ खेला था। संदीपनी ने अब तक वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया है। चामरी फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में होबार्ट हरिकेंस की तरफ से खेल रही हैं।
आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के पिछले संस्करण में 5 टीमें थीं, लेकिन इस बार टूर्नामेंट का विस्तार करके 10 टीमों को शामिल किया गया है। श्रीलंका उन 5 पूर्ण सदस्य देशों में से एक है, जो इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। अन्य 4 देश आयरलैंड, बांग्लादेश, पाकिस्तान और जिम्बाब्वे हैं। शेष 5 टीमों में मेजबान यूएई, मौजूदा चैंपियन थाईलैंड, नीदरलैंड, पापुआ न्यू गिनी और स्कॉटलैंड शामिल हैं।
श्रीलंका को आयरलैंड, स्कॉटलैंड, पापुआ न्यू गिनी और यूएई के साथ ‘ग्रुप ए’ में रखा गया है। ‘ग्रुप बी’ में पाकिस्तान, बांग्लादेश, थाईलैंड, नीदरलैंड और जिम्बाब्वे शामिल हैं। सभी मैच यूएई के अजमान में, कारवान स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड और सेवन डिस्ट्रिक्ट्स स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होंगे।
श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 12 नवंबर को आयरलैंड के खिलाफ करेगा। इसके अगले दिन उनका मुकाबला स्कॉटलैंड से होगा। यह टीम 15 नवंबर को पापुआ न्यू गिनी और 16 नवंबर को यूएई से भिड़ेगी।
प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष 3 टीमें ‘सुपर सिक्स’ चरण में पहुंचेंगी, जिसके मैच 20, 22 और 23 नवंबर को खेले जाएंगे। हर क्वालीफायर टीम का सामना दूसरे ग्रुप से आने वाली 3 टीमों से होगा। उस चरण के अंत में शीर्ष दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी, जो 25 नवंबर को कारवां स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
श्रीलंकाई टीम: हर्षिता समरविक्रमा (कप्तान), संजना काविंदी, इमेशा दुलानी, हासिनी परेरा, विशमी गुणरथने, कवीशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशिनी नुथ्यांगना, सत्या संदीपनी, रश्मिका सेववंडी, सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोध, मल्की मदारा और चेतना विमुक्ति।
