Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के फ्लैट से कंप्यूटर और आईफोन चोरी, पुलिस...

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के फ्लैट से कंप्यूटर और आईफोन चोरी, पुलिस को सोशल मीडिया हैंडलर की तलाश

0
4

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक रविदास मेहरोत्रा के आवास पर दो कंप्यूटर और आईफोन-17 चोरी की घटना सामने आई है। विधायक ने सोशल मीडिया का काम संभालने वाले अरिहंत जैन नाम के युवक पर चोरी का आरोप लगाया है।

विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि लखनऊ के रॉयल होटल-4 में उनके फ्लैट नंबर 31 और 32 हैं, जहां उनका कार्यालय भी है। अरिहंत जैन उनके यहां सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और व्हाट्सएप) का काम करने आया था। उसने कहा कि काम के लिए हाई क्वालिटी कंप्यूटर, लैपटॉप और आईफोन-17 की जरूरत पड़ेगी। विधायक ने उसके लिए कंप्यूटर और आईफोन-17 खरीद दिया। अरिहंत फ्लैट नंबर 32 में ही रहकर काम करता था।

21-22 मई की रात को अरिहंत बिना बताए कमरे की चाबी लेकर फरार हो गया। जब विधायक ने उसका फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। बाद में फोन कभी स्विच ऑफ, कभी चालू दिख रहा था।

शक होने पर विधायक ने अपनी दूसरी चाबी से फ्लैट खुलवाया तो देखा कि दो कंप्यूटर और आईफोन-17 गायब थे।

सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि अरिहंत ने पहले विधायक निवास के बाहर लगा एक सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया था। 22 मई की रात करीब 1 बजे एक चार पहिया गाड़ी अंदर आई। उसमें से दो लोग उतरे। अरिहंत ने उनके साथ मिलकर फ्लैट से सामान निकालकर गाड़ी की डिक्की में रखा और तीनों गाड़ी लेकर भाग गए। गाड़ी बार्लिंगटन चौराहे की ओर मुड़ गई। सीसीटीवी में गाड़ी का नंबर साफ नहीं दिख रहा है।

विधायक ने पुलिस से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अरिहंत जैन के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रखने और आसपास के सीसीटीवी फुटेज से गाड़ी का नंबर पता करने की अपील की है।

दूसरी ओर, विधायक के आवास पर चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।