मुंबई, 9 अगस्त (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक शकील नूरानी को यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सतारा फॉर्म हाउस से गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 12 अगस्त तक शकील नूरानी को पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
73 वर्षीय शकील नूरानी को 33 वर्षीय अभिनेत्री की ओर से दर्ज कराए गए, दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार किया गया है। मालवानी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक घटना साल 2016 की है, लेकिन केस अब दर्ज किया गया है।
मुंबई पुलिस के अनुसार अभिनेत्री की पहली मुलाकात नूरानी से 2016 में लोखंडवाला में एक पुरस्कार समारोह में हुई थी। अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि ‘बड़े दिल वाला’ और ‘जोरू का गुलाम’ के निर्देशक नूरानी ने उनसे एक आगामी प्रोजेक्ट के बारे में बात की और उन्हें काम के लिए उनसे संपर्क करने को कहा।
एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया कि बाद में वह एक स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए उनके मालवानी स्थित आवास पर गई। शिकायत के अनुसार, नूरानी ने उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक पीने को दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया, तो नूरानी ने उन्हें अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो दिखाया और धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया या अपने परिवार को सूचित किया तो वह इसे प्रसारित कर देंगे।
अभिनेत्री का आरोप है कि नूरानी ने कथित वीडियो का इस्तेमाल करके उसे धमकाया और कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि यौन संबंधों के बाद उसे बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां दी गईं। एफआईआर के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि नूरानी सतारा जिले के मेधा इलाके में एक फार्महाउस में है।
स्थानीय पुलिस की एक टीम ने नूरानी की तलाश की और मेधा पुलिस स्टेशन ले गई, जिसके बाद मालवानी पुलिस अधिकारी सतारा पहुंचे और उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शकील नूरानी को मालवनी पुलिस ने शनिवार को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। नूरानी को 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। नूरानी ने बड़े दिलवाला (1999) और जोरू का गुलाम (2000) जैसी फिल्मों का लेखन, निर्माण और निर्देशन किया है।

