SGSU Advertisement
Home खेल यूथ ओलंपिक: भारतीय दल में 17 एथलीट्स, जानिए किस इवेंट में कौन...

यूथ ओलंपिक: भारतीय दल में 17 एथलीट्स, जानिए किस इवेंट में कौन करेगा देश का प्रतिनिधित्व?

0
6

डकार, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। समर यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 की शुरुआत 31 अक्टूबर से होगी। 13 नवंबर तक चलने वाले इन गेम्स में भारत का 17 सदस्यीय दल कुल 11 खेलों में हिस्सा लेगा। सेनेगल के डकार, डायम्नियाडियो और सैली में आयोजित होने वाले इस मल्टी-स्पोर्ट इवेंट में भारत अपने पिछले शानदार प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की कोशिश करेगा।

यूथ ओलंपिक का यह चौथा संस्करण अफ्रीकी खेलों के इतिहास में एक अहम पड़ाव होगा, क्योंकि डकार ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने वाला पहला अफ्रीकी शहर बन गया है। इसमें लगभग 2,700 एथलीट 25 खेलों में 153 मेडल इवेंट्स के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

भारतीय दल में 11 महिलाएं और 6 पुरुष एथलीट्स शामिल हैं। 14 वर्षीय विंडसर्फर प्रियांशी पाटिल इस टीम की सबसे युवा सदस्य हैं, जो 8 से 12 नवंबर तक महिलाओं के विंडसर्फिंग इवेंट में हिस्सा लेंगी।

प्रमुख खिलाड़ियों में तैराक धिनिधि देसिंघु शामिल हैं, जिन्होंने पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वह महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले इवेंट्स में हिस्सा लेंगी। एशियन अंडर-17 चैंपियन बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पत्री महिलाओं के सिंगल्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, सिंड्रेला दास टेबल टेनिस में हिस्सा लेंगी।

पूर्व एशियन चैंपियन शॉट पुटर ओम प्रकाश सिंह करहाना ‘शेफ डी मिशन’ (दल प्रमुख) के रूप में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे।

भारत ने पिछले तीन संस्करणों में कुल 23 मेडल जीते, जिनमें 3 गोल्ड, 16 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। सबसे सफल अभियान ब्यूनस आयर्स 2018 में रहा, जिसमें 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज सहित कुल 13 मेडल अपने नाम किए।

यूथ ओलंपिक 2026 के लिए भारतीय दल:

आर्चरी (तीरंदाजी): गाथा आनंदराव खडाके (महिला व्यक्तिगत)

एथलेटिक्स: शौर्य अंबुरे (महिला 100 मीटर हर्डल्स)

बैडमिंटन: तन्वी पत्री (महिला सिंगल्स) और देव रूपारेलिया (पुरुष सिंगल्स)

बॉक्सिंग: गुंजन (महिला 48 किग्रा), अंबेडकर मीतेई लैरेनलाकपाम (पुरुष 50 किग्रा)

घुड़सवारी (इक्वेस्ट्रियन): श्रेष्ठ राजू मंटेना (व्यक्तिगत जंपिंग)

जूडो: खुशबू रजकभाई दरजादा (महिला 63 किग्रा)

सेलिंग: प्रियांशी पाटिल (महिला विंडसर्फिंग)

तैराकी: धिनिधि देसिंघु (महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले) और तीर्थांक पेगु (पुरुष 100 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर बटरफ्लाई)

टेबल टेनिस: सिंड्रेला दास (महिला सिंगल्स)

बीच रेसलिंग: अंतरा (महिला 65 किग्रा), तानिया (महिला 75 किग्रा), अनुज (पुरुष 70 किग्रा) और दीपांशु खोखर (पुरुष 80 किग्रा)

वूशू: राजकुमारी लैंचेनबी चानू (महिला चांगक्वान कंबाइंड)