Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय डीएससी भर्ती में अनियमितताओं का आरोप, वाईएसआरसीपी ने शिक्षा मंत्री नारा लोकेश...

डीएससी भर्ती में अनियमितताओं का आरोप, वाईएसआरसीपी ने शिक्षा मंत्री नारा लोकेश से इस्तीफे की मांग की

0
1

अमरावती, 25 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में शिक्षक भर्ती (डीएससी) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कार्तिक येल्लाप्रगड़ा ने शनिवार को शिक्षा मंत्री नारा लोकेश से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

कार्तिक येल्लाप्रगड़ा ने कहा कि यदि परीक्षा विवाद के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है, तो नारा लोकेश को भी डीएससी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े गंभीर आरोपों की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि कथित अनियमितताओं से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, दस्तावेज, फोन रिकॉर्डिंग और अन्य सबूत पहले ही सार्वजनिक किए जा चुके हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार ने न तो किसी स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं और न ही डिजिटल फोरेंसिक जांच शुरू कराई है।

वाईएसआरसीपी नेता ने कहा कि करीब 3.5 लाख डीएससी अभ्यर्थियों ने वर्षों तक इस परीक्षा की तैयारी की है और उन्हें चुप्पी नहीं, बल्कि न्याय मिलना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में खेल कोटा के दुरुपयोग, हितों के टकराव (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) और महत्वपूर्ण साक्ष्यों को दबाने की कोशिश की गई है।

कार्तिक येल्लाप्रगड़ा ने मांग की कि शिक्षा मंत्री नारा लोकेश तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें, पूरे मामले की सीबीआई या किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए और सभी आरोपों की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।