कार्यकर्ता हमारी ताकत, संगठन हमारी पहचान: पंकज चौधरी

0
18

गोरखपुर, 5 जनवरी (आईएएनएस)। यूपी भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने गोरखपुर की धरती से 2027 में उत्तर प्रदेश में दोबारा भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हमारी ताकत है और संगठन हमारी पहचान है। सोमवार को गोरखपुर पहुंचे यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के साथ भव्य स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं के प्रेम और उत्साह से अभिभूत पकंज चौधरी ने कहा, “कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि हैं। संगठन ही हमारी असली ताकत और पहचान है।”

भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह तथा गोरखपुर क्षेत्र की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने उन्हें नगर निगम सभासद से लेकर डिप्टी मेयर, सात बार सांसद, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और अब उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारियां दी हैं। यह सब कार्यकर्ताओं के भरोसे और संगठन की शक्ति से संभव हुआ है।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 से भी बड़ी जीत दिलानी होगी। उन्होंने कहा कि मजबूत उत्तर प्रदेश के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा है।

गोरखपुर को धार्मिक और राजनीतिक दृष्टि से उर्वर भूमि बताते हुए चौधरी ने कहा कि इसी धरती से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीमारू प्रदेश की छवि बदलकर उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। गुरु गोरखनाथ मंदिर और गीताप्रेस जैसी संस्थाएं इस क्षेत्र की सांस्कृतिक शक्ति को दर्शाती हैं।

भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट कर लिखा, “आज बाबा गोरखनाथ की पावन भूमि गोरखपुर क्षेत्र के प्रवास के दौरान बाबा गोरखनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संवर्धन में बाबा की महती भूमिका है। बाबा गोरखनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।”