Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा ने मिसाल कायम की: पूर्व सांसद रमा...

महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा ने मिसाल कायम की: पूर्व सांसद रमा सिंह

0
26

पटना, 4 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के कथित तौर पर बिहार की लड़कियों पर की गई अपमानित टिप्पणी पर बवाल जारी है। इस बीच बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व सांसद रमा सिंह ने रविवार को अपनी प्रतिक्रिया दी।

पूर्व सांसद रमा सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मंत्री के पति ने यह विवादित बयान दिया है, न कि मंत्री ने। भाजपा ने महिला सशक्तिकरण को लेकर एक मिसाल कायम की है। पूरी दुनिया देख रही है कि महिलाओं को कितना सम्मान मिला है। देश की सीमा सुरक्षा में जिन बर्फीली जगहों पर सामान्य पुरुष भी नौकरी नहीं कर सकते, वहां पर हमारे देश की महिलाएं हाथ में एक-47 और अन्य घातक हथियार लेकर सेवा दे रही हैं।”

उन्होंने कहा, “अगर कोई महिला की शक्ति को पहचान नहीं पाया और यह नहीं समझ पाया कि महिला क्या होती है और जो ऐसा बयान दे रहा है तो उसका दिमाग खराब है। ऐसे लोगों को इलाज की जरूरत है।”

भाजपा नेता ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार की निंदा की। उन्होंने कहा, “कभी-कभी कई सिरफिरे आदमी होते हैं। उन्हें यह पता नहीं होता है कि वे क्यों आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ विकास की बात करते हैं, लेकिन बांग्लादेश में हालात देख लीजिए। वहां पर ऐसे हालात नहीं होने चाहिए।”

उन्होंने देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ प्रदर्शन करने को लेकर तंज कसते हुए कहा, “जब तक उनकी पार्टी के नेता राहुल गांधी रहेंगे, तब तक वे प्रदर्शन करते रहेंगे। इससे कुछ फर्क नहीं पड़ता है। अच्छे सोच वाले लोग अगर भारत को आगे बढ़ाने के लिए आगे आएं, तो कुछ जवाब मिले।”

रमा सिंह ने कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को बिहार में क्या मिला है, यह सभी को देखने को मिला है। प्रदेश में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को जनता ने भर-भर कर वोट देकर सत्ता में बैठाया। अब लोगों का विचार बदल रहा है। वे काम देखकर वोट दे रहे हैं। राहुल गांधी के पास कुछ करने के लिए होना चाहिए, इसलिए वे इसका मुद्दा उठा रहे हैं।”