Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से तैयार होगा मदुरै हॉकी स्टेडियम

वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से तैयार होगा मदुरै हॉकी स्टेडियम

0
36

चेन्नई, 19 जून (आईएएनएस)। भारत दिसंबर 2025 में एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी की तैयारी में जुटा है। हॉकी इंडिया के जनरल सेक्रेटरी भोलानाथ सिंह ने बताया है कि मदुरै में स्टेडियम वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय हॉकी के अगले लक्ष्य के बारे में भी बताया है।

भोलानाथ सिंह ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “इसमें 24 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। चेन्नई और मदुरै में यह टूर्नामेंट खेला जाना है। चेन्नई में 42 मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि मदुरै में 32 मैच होंगे। इस तरह कुल 72 मैचों का आयोजन होगा।”

उन्होंने आगे बताया, “चेन्नई का स्टेडियम पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। मदुरै में भी सरकार पूरी तरह से तैयारी कर रही है। वहां स्टेडियम वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। हम हर एक टूर्नामेंट (जूनियर, सब-जूनियर, सीनियर) को लेकर चल रहे हैं। ग्रासरूट डेवलपमेंट पर काम किया जा रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “बहुत दिनों के बाद इंडियन हॉकी ऊपर आई है। पूरी कोशिश है कि इसका लेवल बरकरार रखा जाए। हमारा अगला टारगेट 2026 वर्ल्ड कप है। जूनियर वर्ल्ड कप भी चेन्नई में हो रहा है। आगामी एशियन गेम्स, आगामी ओलंपिक भी हमारा लक्ष्य है। टीम अच्छा परफॉर्म कर रही है। थोड़े उतार-चढ़ाव कभी-कभी होते हैं, लेकिन जरूरत के समय हमारे खिलाड़ी अच्छा खेलेंगे और मेडल लाएंगे।”

एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप-2025 का आयोजन 28 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच होगा।

यह भारत में आयोजित होने वाला लगातार तीसरा एफआईएच जूनियर पुरुष विश्व कप होगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन के पिछला संस्करण साल 2021 में भुवनेश्वर में आयोजित हुआ था। इससे पहले साल 2016 में लखनऊ इसकी मेजबानी कर चुका है।

चेन्नई ने 2023 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की है, जबकि मदुरै पहली बार इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है।