SGSU Advertisement
Home राज्य आधुनिक SCADA तकनीक से विद्युत व्यवस्था को मिली मजबूती, घरेलू एवं कृषि...

आधुनिक SCADA तकनीक से विद्युत व्यवस्था को मिली मजबूती, घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

0
5

भोपाल : 19 नवंबर/ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा कि कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों के अंतिम छोर तक के बिजली उपभोक्‍ताओं को पर्याप्‍त वोल्‍टेज पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कृत संकल्पित है। इसी दिशा में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में हरदा जिले के तीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इनमें कृषि उपज मंडी हरदा, खामापड़वा तथा भीमपुरा (चारूवा) उपकेंद्र शामिल हैं।

हरदा जिले में इस उपलब्धि की शुरुआत कृषि उपज मंडी स्थित आधुनिक SCADA सबस्टेशन से हुई थी। यह उपकेंद्र जिले के लगभग आधे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके बाद खामापड़वा और अब भीमपुरा (चारूवा) उपकेंद्र के ISO 9001:2015 प्रमाणित होने से हरदा जिले ने तीन प्रमाणित उपकेंद्रों की उपलब्धि हासिल की है।

भीमपुरा (चारूवा) में 33/11 केवी उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से 18 ग्रामीण एवं आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के लगभग 2,145 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है। इन उपकेंद्रों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति तथा किसानों को सिंचाई के लिए प्रतिदिन 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीण परिवारों एवं किसानों को बेहतर विद्युत सुविधाएं मिल रही हैं।

इन उपकेंद्रों के निर्माण एवं तकनीकी व्यवस्थाओं में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। कार्यों की गुणवत्ता एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी से विद्युत अधोसंरचना को आधुनिक और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिली है।

एक ही जिले में तीन ISO 9001:2015 प्रमाणित उपकेंद्रों की उपलब्धि विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक के उपयोग और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर विद्युत आपूर्ति के प्रति मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।