Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आरएनटीयू एवं एसजीएसयू का भव्य प्लेसमेंट डे आयोजित

आरएनटीयू एवं एसजीएसयू का भव्य प्लेसमेंट डे आयोजित

0
18

650 से अधिक विद्यार्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, 130 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने किया चयन

भोपाल, 7 जून। आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज के अंतर्गत संचालित रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू), भोपाल द्वारा संयुक्त रूप से रेडिसन होटल, गुलमोहर में प्लेसमेंट डे 2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 650 से अधिक चयनित विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से प्राप्त नियुक्ति पत्र और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 दोनों विश्वविद्यालयों के लिए प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों वाला रहा। इस दौरान 130 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने कैंपस भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप 650 से अधिक विद्यार्थियों का चयन विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों में हुआ। यह सफलता विश्वविद्यालयों की उद्योगोन्मुखी शिक्षा, कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण और मजबूत उद्योग-अकादमिक सहयोग को दर्शाती है।

विद्यार्थियों की सफलता पर जताया गर्व

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में आरएनटीयू के कुलाधिपति संतोष चौबे, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलगुरु डॉ. रवि प्रकाश दुबे, एसजीएसयू के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह तथा भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के क्षेत्रीय निदेशक अभय अरुण महिषी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे सक्षम और आत्मविश्वासी युवा तैयार करना है जो वैश्विक स्तर की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।

कौशल विकास ही सफलता की कुंजी : संतोष चौबे

अपने संबोधन में कुलाधिपति संतोष चौबे ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप कौशल, नवाचार की सोच और व्यावहारिक अनुभव ही युवाओं को सफलता के नए अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आईसेक्ट समूह पिछले चार दशकों से शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

स्किलिंग, अपस्किलिंग और रिस्किलिंग पर जोर

मुख्य वक्ता अभय अरुण महिषी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में निरंतर सीखना ही करियर विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने स्किलिंग, अपस्किलिंग और रिस्किलिंग को पेशेवर सफलता की कुंजी बताते हुए युवाओं को नई तकनीकों को अपनाने और नवाचार के लिए प्रेरित किया।

एसजीएसयू के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह ने कहा कि प्लेसमेंट डे केवल नियुक्ति पत्र प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों के साकार होने का उत्सव है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम आज सामने आ रहे हैं।

उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में उद्योग जगत के अनेक प्रतिष्ठित विशेषज्ञों, उद्यमियों और मानव संसाधन पेशेवरों ने भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ रोजगार, कौशल विकास और भविष्य की संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा किए।

समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। चयनित विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्लेसमेंट सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में आरएनटीयू की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने सभी अतिथियों, उद्योग प्रतिनिधियों, कंपनियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

रोजगार और कौशल विकास का मजबूत मंच

प्लेसमेंट डे 2026 ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि आरएनटीयू और एसजीएसयू विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें सफल करियर की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बड़ी संख्या में हुए चयन दोनों विश्वविद्यालयों की रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रणाली की सफलता का प्रमाण हैं।