Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति गाजियाबाद में आज अतुल गर्ग के लिए जनसभा करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ

गाजियाबाद में आज अतुल गर्ग के लिए जनसभा करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ

0
142

गाजियाबाद/नोएडा, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग और गौतम बुध नगर से भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर महेश शर्मा बुधवार को नामांकन करेंगे। अतुल गर्ग के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज गाजियाबाद में एक जनसभा करेंगे।

रक्षा मंत्री सुबह करीब साढ़े 11 बजे भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में रामलीला मैदान घंटाघर में एक सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज आदि मौजूद रहेंगे। सभा के बाद अतुल गर्ग नामांकन करने कलक्ट्रेट जाएंगे।

गौतम बुद्ध नगर में डॉक्टर महेश शर्मा भी आज नामांकन करने सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक उनके साथ उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि साल-2012 में भाजपा ने अतुल गर्ग को गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। लेकिन वे बसपा के सुरेश बंसल से हार गए थे। हार के बावजूद भाजपा ने अतुल पर भरोसा जताया और 2017 में फिर से टिकट दिया। वह 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में विजयी रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को गाजियाबाद में रोड शो करेंगे। रोड शो शाम 4 बजे मालीवाड़ा चौक से चौधरी मोड़ तक होगा। इस दिन भाजपा का स्थापना दिवस भी है। इस मौके पर प्रधानमंत्री के दो कार्यक्रम रखे गए हैं। पहले वे सहारनपुर में सभा को संबोधित करेंगे। फिर रोड शो करने गाजियाबाद आएंगे।