भोपाल : 25 अगस्त/ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पावर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर (पीडीटीसी) में मंगलवार को कंपनी मुख्यालय की महिला कर्मियों के लिए ‘महिला स्वास्थ्य एवं आत्मरक्षा’ विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों एवं तकनीकों से परिचित कराना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी चिकित्सालय की चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्मिता भटनागर ने महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उनकी रोकथाम तथा आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिला कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुंबई से पधारे महिला आत्म-रक्षा एवं समग्र स्वास्थ्य प्रशिक्षक श्री राजन नायर ने महिला कर्मियों को आत्मरक्षा एवं समग्र स्वास्थ्य के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए उपयोगी व्यवहारिक उपायों की जानकारी देते हुए आत्मरक्षा तकनीकों के बारे में महिला कर्मियों को प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिला कर्मियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के निदेशक (पीडीटीसी) श्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कंपनी की महिला कर्मियों में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के प्रति सजगता विकसित करना है। उन्होंने बताया कि कंपनी के पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
