इजरायल-ईरान तनाव : तेल अवीव में सायरन और धमाकों के बीच शेल्टरों में रह रहे लोग

0
7

तेल अवीव, 1 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष ने आम लोगों की मुश्‍क‍िलें बढ़ा दी हैं। तेल अवीव में गूंजते सायरन और धमाकों के बीच शेल्‍टरों में छ‍िपे लोगों ने अपने जीवन के सबसे खौफनाक हालातों का ज‍िक्र करते हुए बताया क‍ि कैसे यह लड़ाई आम लोगों और इलाकों के बीच तक पहुंच गई है।

एक स्थानीय निवासी ने उन तनावपूर्ण क्षणों को याद करते हुए कहा, “यह लगातार जारी था, लेकिन हमारे पास शेल्टर तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय था। मैंने सायरन और धमाके की आवाज सुनी और सोचा, हमें शेल्टर में जाना चाहिए। हम पूरे दिन और पूरी रात शेल्टर में रहे।”

एक अन्य निवासी ने बताया कि उन्होंने अपने अपार्टमेंट बिल्डिंग के अंदर बने मजबूत सुरक्षित कमरे में शरण ली। उन्होंने कहा कि मैं अपने अपार्टमेंट के सुरक्षित कमरे में था। मेरे पास भूमिगत सुरक्षित कमरा है, इसलिए मैं सुरक्षित था, लेकिन हमने बहुत शोर सुना। अब हम देखने आए हैं कि यहां क्या हुआ और आप सारा नुकसान देख सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी सुरक्षित हैं।

एक अन्य स्थानीय निवासी ने अपने घर के मलबे के पास खड़े होकर बताया क‍ि कल रात हम में से कोई भी यहां नहीं था। हम किसी और जगह सोए थे और सुबह हमें पता चला कि अपार्टमेंट नष्ट हो गया है।

इमारतों पर हमलों के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे। टूटी खिड़कियां, क्षतिग्रस्त बाहरी दीवारें और हालात का जायजा लेते आपातकालीन कर्मी। विनाश के बावजूद, कई निवासियों ने राहत व्यक्त की कि उनके आसपास किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

ऐसे खौफनाक दृश्य बढ़ते इजरायल-ईरान संघर्ष की मानवीय त्रासदी को उजागर करते हैं, जहां आम नागरिक भय, विस्थापन और अनिश्चितता का सामना करते हुए शीघ्र तनाव खत्म होने की उम्मीद कर रहे हैं।