मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी ने बुधवार को अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने अपने प्रशंसकों को उपहार देते हुए नया गाना ‘रहना’ रिलीज किया। यह गाना उन्होंने मशहूर संगीतकार डॉव-गीक के साथ मिलकर तैयार किया है।
सिद्धांत को शुरुआत से लेखन और कविताओं का शौक रहा है। उनका नया गाना ‘रहना’ इसी शौक की एक प्यारी सी झलक पेश करता है। गाने के बोल बेहद गहरे और प्यारे हैं। इसकी धीमी और प्यारी धुन ऐसी लय तैयार करके देती है, जिसकी हर कोई जमकर तारीफ कर रहा है।
सिद्धांत ने इंस्टाग्राम पर गाने की झलक शेयर की। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सिद्धांत और डॉव-गीक समुद्र किनारे एक शांत जगह पर बैठे नजर आ रहे हैं। जहां डॉव-गीक गिटार की धुनों पर अपनी आवाज का जादू बिखेर रहे हैं, वहीं सिद्धांत भी उनके सुर से सुर मिलाते दिख रहे हैं। दोनों की जुगलबंदी ने इस गाने को एक बहुत ही सुकून देने वाला ‘डुएट’ बना दिया है।
अभिनेता ने पोस्ट शेयर कर लिखा, “‘रहना’ अब पूरी तरह आपका हो गया है। हमने अपनी कहानियां और भावनाएं इस खुशहाल धुन में डाली हैं। जब हम दुनिया भर में घूम रहे थे, तो उन अनुभवों ने मिलकर इस गाने की पृष्ठभूमि तैयार की। यह गाना असल में भविष्य के साथियों से एक निवेदन है कि वे साथ बने रहें, यानी ‘साथ रहो।'”
सिद्धांत की बात करें, तो हाल ही में वह फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ मृणाल के साथ नजर आए थे। रवि उदयवार द्वारा निर्देशित यह फिल्म, बड़े शहर की भीड़ में दो अकेले लोगों की प्रेम कहानी और उनके आत्म-स्वीकृति के संघर्ष को दिखाती है। यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसके बाद अब इसे ओटीटी पर देखा जा सकता है।
इसके अलावा, सिद्धांत जल्द ही मशहूर फिल्ममेकर वी. शांताराम की बहुचर्चित बायोपिक में मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ तमन्ना भाटिया, शांताराम की दूसरी पत्नी जयश्री की भूमिका निभाती नजर आएंगी।

