एसएसबी में एएसआई पद पर होगी भर्ती, 4 मई तक करें आवेदन

0
4

नई दिल्ली, 01 मई (आईएएनएस)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने समूह-‘सी’ (गैर-राजपत्रित, लड़ाकू, गैर-मंत्रालयी) एएसआई कैडर के लिए अलग-अलग विभागों में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) के कुल 7 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एसएससी ने असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के जिन 7 पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी निकाली है, उनमें एएसआई (रेडियोग्राफर) के 03, एएसआई (फार्मासिस्ट) के 02, एएसआई (ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन) के 01, और एएसआई (डेंटल तकनीशियन) के 01 पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार विज्ञान विषय से 12वीं उत्तीर्ण के साथ मेडिकल इमेजिंग टेक्नोलॉजी/रेडियोग्राफी/फार्मेसी में 2 वर्षीय डिप्लोमा या ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा/डेंटल टेक्नीशियन/मैकेनिक में डिप्लोमा/प्रमाणपत्र होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेड्स के पास प्रसांगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और अनुभव का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी), शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी), लिखित परीक्षा, कौशल/व्यापार परीक्षण (यदि लागू हो), दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सा परीक्षा, और अंतिम योग्यता सूची के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 29,200 से 92,300 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।