SGSU Advertisement
Home राजनीति मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कारसेवा का ऐलान, महंत राजू दास ने...

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कारसेवा का ऐलान, महंत राजू दास ने अखिलेश को दी चुनौती

0
4

मथुरा, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अयोध्या में कारसेवा के बाद अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कारसेवा का ऐलान किया गया है। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास मथुरा पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन कर संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने एक बैनर के जरिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को संदेश दिया। बैनर पर लिखा था, “हम तो आ गए हैं, तुम कब आओगे अखिलेश यादव जी।”

महंत राजू दास ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर मथुरा में भी मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा की जाएगी। उन्होंने शाही ईदगाह को हटाकर भव्य कृष्ण जन्मभूमि मंदिर बनाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने नारे लगाए, “गोली-डंडे खाएंगे, मंदिर यहीं बनाएंगे।” उन्होंने अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचने की चुनौती भी दी।

राजू दास ने कहा, “आज हम श्रीकृष्ण जन्मभूमि आए हुए हैं और दर्शन करके संकल्प लिया है कि जल्द ही जैसे अयोध्या में सनातनियों ने कारसेवा की और उसके पश्चात आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। उसी प्रकार से मथुरा में भी हो। मेरे हाथ में एक बैनर है जिसमें अखिलेश यादव का फोटो है। बैनर पर लिखा है कि ‘हम तो आए हैं, तुम कब आओगे।’ बार-बार खुद को कृष्ण का वंशज बताते हैं। अयोध्या जाने की योजना बना रहे हैं, लेकिन जब कुर्सी मिलती है तो रामभक्तों का सीना गोली से छलनी कर देते हो।”

उन्होंने कहा, “अखिलेश मेरे साथ मथुरा आकर कारसेवा कब करने वाले हैं। श्रीकृष्ण के जन्मभूमि पर कब भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण होगा। एक धक्का और दो, विवादित ढांचा को तोड़कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का निर्माण करो। गोली-डंडे खाएंगे और मंदिर यहीं पर बनाएंगे। जल्द ही हम कारसेवा करने वाले हैं। जैसे अयोध्या में कारसेवा करके मंदिर का निर्माण हुआ, उसी प्रकार यहां पर कारसेवा करके मंदिर का निर्माण कराएंगे।”

महंत राजू दास के इस बयान के बाद मथुरा में राजनीतिक और धार्मिक हलचल तेज हो गई है। उनके समर्थकों का कहना है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा आस्था से जुड़ा है और इसके लिए वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे।